विज्ञापन

VIDEO: आगर-मालवा के केमिकल से भरे ट्रक में लगी भीषण आग, दूर-दूर तक दिखा धुएं का गुबार

आगर-मालवा के सुसनेर में पाउडरनुमा केमिकल से भरे एक ट्रक में भीषण आग लग गई है. पाउडरनुमा केमिकल होने की वजह से दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करना पड़ रहा था, जिसके बाद जेसीबी मशीनों की मदद से ट्रक के हिस्सों को तोड़कर केमिकल को बाहर निकाला गया.

आगर-मालवा में इंदौर-कोटा नेशनल हाईवे पर स्थित सुसनेर के मोड़ी चौराहे पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब पाउडरनुमा केमिकल से भरे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा ट्रक आग की लपटों से घिर गया. हाईवे के व्यस्त चौराहे पर धू-धू कर जलते ट्रक को देखकर आसपास के रहवासियों, दुकानदारों और राहगीरों में दहशत फैल गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के कुछ ही मिनटों में लपटें और धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा. घटना की सूचना मिलते ही सुसनेर एसडीओपी देवनारायण यादव, थाना प्रभारी सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सुसनेर और सोयत की फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया. ट्रक में भरे पाउडरनुमा केमिकल के कारण आग बुझाने का कार्य काफी चुनौतीपूर्ण रहा. आग लगातार सुलगती रही और केमिकल की प्रकृति स्पष्ट नहीं होने से फायर ब्रिगेड कर्मियों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी.

ट्रक के हिस्सों को तोड़कर बाहर निकाला गया केमिकल

एसडीओपी देवनारायण यादव ने एनडीटीवी को फोन पर बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक में मौजूद केमिकल किस प्रकार का था और उसका उपयोग किस कार्य में किया जाता है, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है. आग पर नियंत्रण पाने के लिए प्रशासन और राहत दल ने विशेष रणनीति अपनाई. दो जेसीबी मशीनों की मदद से ट्रक के हिस्सों को तोड़कर अंदर भरे केमिकल को बाहर निकाला गया, जिससे आग के स्रोत तक पहुंच बन सकी. इसके बाद लगातार पानी और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया.

ट्रक को भारी नुकसान

करीब एक घंटे से अधिक समय तक चले रेस्क्यू और फायर फाइटिंग ऑपरेशन के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. हालांकि ट्रक को भारी नुकसान पहुंचा है. घटना के दौरान हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ. पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर चौराहे के आसपास बैरिकेडिंग कर लोगों को घटनास्थल से दूर रखा तथा यातायात को नियंत्रित किया. आग लगने की वजहों का फिलहाल पता नहीं चल सका है. पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुटे हुए हैं.

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन मौके पर नहीं पहुंचता तो हादसा और भी बड़ा रूप ले सकता था. हाईवे के मुख्य चौराहे पर हुई इस घटना ने कुछ समय के लिए पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया.

ये भी पढ़ें: जूली गुर्जर हत्याकांड: पिता ने गला दबाकर की बेटी की हत्या, फिर बेटों के साथ मिलकर जलाया शव, 3 गिरफ्तार

ये भी पढ़ें: ग्वालियर के तिघरा डैम में मेडिकल कॉलेज के दो छात्र डूबे, एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com