Bollywood News: अभिनेता आलतमाश फराज (Altamash Faraz) ने अपने समर्पण और कड़ी मेहनत के दम पर मनोरंजन जगत में एक खास पहचान बनाई है. वह स्क्रीन पर अपने गहरे और परतदार अभिनय के लिए जाने जाते हैं और हमेशा ऐसे किरदारों की तलाश में रहते हैं जो उन्हें अलग-अलग तरह की कहानियां कहने का मौका दें. दर्शकों का दिल जीतने के साथ-साथ आलतमाश फिल्मों के प्रति अपने प्यार और उन निर्देशकों के बारे में भी खुलकर बात करते हैं. जिनकी फिल्मों ने उनके जीवन पर गहरा प्रभाव डाला है.
कहानी की असली दिशा
आलतमाश के लिए फिल्में हमेशा सिर्फ मनोरंजन से कहीं ज्यादा रही हैं. उनका मानना है कि फिल्ममेकर ही कहानी की असली दिशा तय करते हैं. जब उनसे पूछा गया कि भविष्य में वह किन निर्देशकों के साथ काम करना चाहते हैं, तो अभिनेता ने कहा कि वह कहानीकारों को बहुत पसंद करते हैं क्योंकि वह सपनों और आकांक्षाओं को फिर से जीवंत कर देते हैं. इस बारे में बात करते हुए आलतमाश ने कहा कि ओह हां. मुझे सिनेमा से बहुत प्यार है और मैंने हमेशा फिल्ममेकरों की बहुत प्रशंसा की है. क्योंकि मेरे लिए वो जादूगरों जैसे हैं, जो आपको एक अलग दुनिया में ले जाते हैं और आपको अंदर तक प्रभावित करते हैं. उनकी विशलिस्ट में जिन निर्देशकों का नाम शामिल है, उनमें इम्तियाज अली भी हैं. अभिनेता का कहना है कि उन्हें हमेशा इम्तियाज अली की फिल्मों के अनोखे किरदारों ने आकर्षित किया है. उनके अनुसार इम्तियाज अली की फिल्मों की भावनात्मक जटिलता उन्हें और भी खास बनाती है.
भंसाली के साथ काम करना
एक और फिल्ममेकर जिनकी आलतमाश गहराई से प्रशंसा करते हैं, वो हैं संजय लीला भंसाली. अभिनेता का मानना है कि भंसाली के साथ काम करना किसी भी कलाकार के लिए एक परिवर्तनकारी अनुभव हो सकता है, क्योंकि वो अपने कलाकारों से बेहद समर्पण और अनुशासन की उम्मीद रखते हैं. उन्होंने कहा कि संजय लीला भंसाली परफेक्शनिस्ट हैं और अभिनेता को उसकी सीमाओं तक धकेलते हैं, जिससे आपकी पुरानी छवि टूटती है और आप एक नए अभिनेता के रूप में सामने आते हैं.
यह भी पढ़ें : अक्षय कुमार ने कहा- 'मुझे यह मौका मिला, कुछ लोगों को कभी नहीं मिलता..'