MPBSE Result: सीधी जिले के 15 छात्रों ने टॉप‑10 में बनाई जगह; अभय गुप्ता बने MP के सेकेंड टॉपर

MP Board 10th Topper 2026: माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा घोषित हाई स्कूल परीक्षा परिणाम में सीधी जिले के छात्र-छात्राओं ने टॉप टेन सूची में अपना नाम दर्ज करने में सफल रहे हैं. आइए जानते हैं कैसा रहा रिजल्ट.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
MP Board 10th Topper List: एमपी बोर्ड 10वीं में सीधी के टॉपर्स ने किया कमाल

MP Board 10th Topper List 2026: माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश द्वारा घोषित हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में सीधी जिले ने एक बार फिर शिक्षा के क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है. जिले के छात्रों ने प्रदेश की टॉप टेन सूची में उल्लेखनीय स्थान हासिल कर न केवल अपने माता-पिता, बल्कि जिले और विद्यालयों का नाम भी रोशन किया है. शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 1 सीधी के छात्र अभय गुप्ता ने प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की है. वहीं सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की कु. अनन्या वर्मा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है. ग्रामीण अंचलों के विद्यालयों का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा है.

सीधी जिले के छात्रों का शानदार प्रदर्शन

माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित हाई स्कूल परीक्षा परिणाम में सीधी जिले के कुल 15 छात्र-छात्राओं ने प्रदेश की टॉप टेन सूची में स्थान बनाकर जिले को गौरवान्वित किया है. इनमें शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक 1 सीधी के छात्र अभय गुप्ता ने प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल कर बड़ी उपलब्धि प्राप्त की है. उनकी इस सफलता से विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है. इसके साथ ही सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की कु. अनन्या वर्मा ने प्रदेश स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया है, जो जिले के लिए एक और गर्व की बात है.

Advertisement

ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालयों ने भी मारी बाज़ी

ग्रामीण अंचल में संचालित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पथरौला के पांच छात्रों ने प्रदेश की टॉप 10 सूची में जगह बनाकर यह साबित कर दिया है कि संसाधनों की कमी के बावजूद प्रतिभा किसी भी क्षेत्र से उभर सकती है. ग्रामीण क्षेत्रों से आए इन विद्यार्थियों की सफलता ने जिले की शैक्षिक प्रगति को नई पहचान दी है और यह दर्शाया है कि सरकारी विद्यालयों में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है.

ऐसा रहा हाईस्कूल परीक्षा का समग्र परिणाम

इस वर्ष हाईस्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा का आयोजन 13 फरवरी से 6 मार्च तक किया गया था. परीक्षा में कुल 8 लाख 97 हजार 061 परीक्षार्थी शामिल हुए. इनमें नियमित परीक्षार्थियों की संख्या 7 लाख 87 हजार 733 तथा स्वाध्यायी परीक्षार्थियों की संख्या 1 लाख 09 हजार 328 रही. परीक्षा परिणाम में कुल 73.42 प्रतिशत नियमित परीक्षार्थी और 26.38 प्रतिशत स्वाध्यायी परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं.

छात्राओं का परिणाम छात्रों से बेहतर

नियमित छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 69.31 रहा, जबकि नियमित छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 77.52 दर्ज किया गया. इस प्रकार एक बार फिर छात्राओं ने छात्रों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया. शासकीय विद्यालयों का परीक्षा परिणाम 76.80 प्रतिशत रहा, जबकि अशासकीय विद्यालयों का परिणाम 68.64 प्रतिशत दर्ज किया गया. इससे स्पष्ट है कि इस बार शासकीय विद्यालयों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत बेहतर रहा है.

प्रावीण्य सूची और जिलावार स्थिति

हाईस्कूल प्रावीण्य सूची में कुल 378 विद्यार्थियों ने स्थान प्राप्त किया, जिनमें 235 छात्राएं और 143 छात्र शामिल हैं. सूची में सर्वाधिक अंक पन्ना जिले के गुनौर स्थित सरस्वती ज्ञान मंदिर की छात्रा प्रतिभा सिंह सोलंकी ने प्राप्त किए, जिन्होंने 500 में से 499 अंक अर्जित किए. जिलावार परिणामों में अनूपपुर जिला पहले स्थान पर रहा, जहां का रिजल्ट 93.85 प्रतिशत रहा. दूसरे स्थान पर अलीराजपुर जिला रहा, जिसका परिणाम 92.14 प्रतिशत दर्ज किया गया.

Advertisement
इस वर्ष किसी भी छात्र का परीक्षा परिणाम पूरक घोषित नहीं किया गया है. कुल 2 लाख 89 हजार 693 परीक्षार्थियों को अनुत्तीर्ण घोषित किया गया है. राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप, इस वर्ष से पूरक परीक्षा के स्थान पर द्वितीय अवसर परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है.

मुख्य परीक्षा में अनुत्तीर्ण, अनुपस्थित या अंक सुधारने के इच्छुक विद्यार्थी 7 मई 2026 से आयोजित होने वाली द्वितीय अवसर परीक्षा में सम्मिलित हो सकेंगे. इस वर्ष हाईस्कूल परीक्षा के दौरान कुल 47 नकल प्रकरण भी दर्ज किए गए.

असफल विद्यार्थियों को दोबारा मिलेगा मौका : शिक्षा मंत्री

स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने परीक्षा परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश का इकलौता राज्य है, जहां असफल विद्यार्थियों को दोबारा परीक्षा में बैठने का अवसर दिया जाता है. उन्होंने बताया कि 5 मई के बाद द्वितीय अवसर परीक्षा का आयोजन किया जाएगा. मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश के ग्रामीण अंचल वाले जिलों में स्कूल शिक्षा के बेहतर परिणाम सामने आ रहे हैं और यह शिक्षा विभाग की पारदर्शी व्यवस्था का परिणाम है.

Advertisement

यह भी पढ़ें : MP Board 10, 12th Toppers List: 16 साल का सबसे बेहतर रिजल्ट; 10वीं‑12वीं का रिजल्ट जारी, झाबुआ ने मारी बाजी

यह भी पढ़ें : MP Board 12th Toppers List: खुशी और चांदनी ने मारी बाजी; यहां देखिए 12वीं की टॉपर्स लिस्ट

यह भी पढ़ें : MP Board 10th Toppers List: 499 अंक; 10वीं की परीक्षा परिणाम में पन्ना की प्रतिभा का कमाल, देखिए टॉपर्स लिस्ट

यह भी पढ़ें : MP Board Result 2026: सरकारी स्कूलों का बेहतर प्रदर्शन; CM मोहन का नारी वंदन, बेटियों की कामयाबी ने रचा इतिहास