विज्ञापन

MP Board 10, 12th Toppers List: 16 साल का सबसे बेहतर रिजल्ट; 10वीं‑12वीं का रिजल्ट जारी, झाबुआ ने मारी बाजी

MPBSE MP Board 10th, 12th Topper List 2026: एमपी बोर्ड 10वीं‑12वीं रिजल्ट 2026 जारी हो गया है. छात्र रोल नंबर और आवेदन क्रमांक से ऑनलाइन नतीजे देख सकते हैं. यहां जानिए टॉपर्स की जानकारी और पिछले साल के टॉपर कौन रहे.

MP Board 10, 12th Toppers List: 16 साल का सबसे बेहतर रिजल्ट; 10वीं‑12वीं का रिजल्ट जारी, झाबुआ ने मारी बाजी
MP Board Topper List District Wise: एमपी बोर्ड 10वीं और 12वीं में किसने मारी बाजी, देखिए टॉपर्स लिस्ट

MP Board Topper List 2026: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (MPBSE) ने आज 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे कक्षा 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं. पिछले 16 सालों में इसे सबसे बेहतर परिणाम बताया जा रहा है. इस साल एमपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में कुल 16 लाख से ज्यादा छात्र शामिल हुए थे. परीक्षाएं प्रदेशभर के 3,856 केंद्रों पर आयोजित की गई थीं. छात्र अपना रिजल्ट रोल नंबर और आवेदन क्रमांक की मदद से MPBSE की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप और डिजिलॉकर के माध्यम से देख सकते हैं.

इन तरीकों से देख सकते हैं 10वीं‑12वीं का रिजल्ट

एमपी बोर्ड का रिजल्ट ऑनलाइन देखने के लिए छात्रों को बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर जरूरी विवरण भरना होगा. इसके अलावा MPBSE Mobile App और MP Mobile App के जरिए भी रिजल्ट आसानी से देखा जा सकता है. डिजिलॉकर पर छात्र अपनी डिजिटल मार्कशीट भी डाउनलोड कर सकते हैं.

इस साल 10वीं‑12वीं का परिणाम कैसा रहा?

हाईस्कूल परीक्षा 2026

हाईस्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा 13 फरवरी से 6 मार्च 2026 के बीच संपन्न हुई थी. इस परीक्षा में कुल 8 लाख 97 हजार 061 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे. नियमित परीक्षार्थियों की संख्या 7 लाख 87 हजार 733 और प्राइवेट परीक्षार्थियों की संख्या 1 लाख 09 हजार 328 रही. हाईस्कूल परीक्षा का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 73.42 प्रतिशत रहा. नियमित परीक्षार्थियों का पास प्रतिशत 73.42 जबकि प्राइवेट परीक्षार्थियों का पास प्रतिशत 26.38 दर्ज किया गया. नियमित छात्रों का पास प्रतिशत 69.31, वहीं नियमित छात्राओं का पास प्रतिशत 77.52 रहा, जिससे साफ है कि छात्राओं ने बेहतर परिणाम दिए हैं. सरकारी स्कूलों का परीक्षा परिणाम 76.80 प्रतिशत रहा, जबकि गैर-सरकारी स्कूलों का परिणाम 68.64 प्रतिशत दर्ज किया गया. इस तरह एक बार फिर सरकारी स्कूलों का प्रदर्शन बेहतर रहा.

टॉपर और जिला प्रदर्शन (हाईस्कूल)

हाईस्कूल परीक्षा में प्रिया सिंह सोलंकी ने 500 में से 499 अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया. जिलावार प्रदर्शन की बात करें तो अनूपपुर जिला 93.85 प्रतिशत के साथ शीर्ष पर रहा. इसके बाद अलीराजपुर (92.14%) और नरसिंहपुर (91.21%) जिला रहा. भोपाल जिले का परिणाम 64.20 प्रतिशत दर्ज किया गया. इस वर्ष किसी भी छात्र को पूरक परीक्षा श्रेणी में नहीं रखा गया, हालांकि 2 लाख 09 हजार 267 परीक्षार्थी अनुत्तीर्ण घोषित किए गए हैं. हाईस्कूल परीक्षा में कुल 47 नकल प्रकरण भी दर्ज किए गए.

हायर सेकेंडरी परीक्षा 2026

हायर सेकेंडरी स्कूल सर्टिफिकेट परीक्षा 10 फरवरी से 7 मार्च 2026 तक आयोजित की गई थी. इस परीक्षा में कुल 6 लाख 89 हजार 746 परीक्षार्थी शामिल हुए. इनमें 6 लाख 13 हजार 634 नियमित और 76 हजार 112 प्राइवेट परीक्षार्थी थे. हायर सेकेंडरी का कुल परिणाम 76.01 प्रतिशत रहा. नियमित परीक्षार्थियों का उत्तीर्ण प्रतिशत 76.01, जबकि प्राइवेट परीक्षार्थियों का पास प्रतिशत 30.60 दर्ज किया गया. नियमित छात्रों का पास प्रतिशत 72.39, वहीं छात्राओं का पास प्रतिशत 79.41 रहा. सरकारी स्कूलों का परिणाम 80.43 प्रतिशत तथा गैर-सरकारी स्कूलों का परिणाम 69.67 प्रतिशत रहा.

हायर सेकेंडरी टॉपर और जिलावार परिणाम

हायर सेकेंडरी परीक्षा में प्रदेश स्तर की प्रावीण्य सूची में 221 परीक्षार्थियों ने स्थान प्राप्त किया, जिनमें 158 छात्राएं और 63 छात्र शामिल हैं. जिलावार परिणाम में झाबुआ जिला 93.23 प्रतिशत के साथ सर्वोच्च स्थान पर रहा. इसके बाद अनूपपुर (93.04%) और नरसिंहपुर (92.62%) रहे. भोपाल जिला 68.61 प्रतिशत परिणाम के साथ रहा.

‘बेस्ट ऑफ टू' नियम से छात्रों को राहत

एमपी बोर्ड ने इस साल ‘बेस्ट ऑफ टू' नियम लागू किया है. इसके तहत अगर कोई छात्र किसी विषय की परीक्षा दो बार देता है, तो उसमें मिले बेहतर अंक ही फाइनल मार्कशीट में जोड़े जाएंगे. इससे छात्रों को अंक सुधारने का एक और मौका मिलेगा और नुकसान नहीं होगा.

ये रहे 2025 के 12वीं के टॉपर

पिछले साल यानी 2025 में एमपी बोर्ड 12वीं के नतीजों में कई छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया था.

  • मैथ‑साइंस संकाय:  मैहर की प्रियल द्विवेदी ने 500 में से 492 अंक हासिल कर प्रदेश में टॉप किया. वे 12वीं की स्टेट टॉपर भी रहीं.
  • वाणिज्य संकाय: रिमझिम करोठिया ने 491 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया.
  • कला संकाय: अंकुर यादव ने 489 अंकों के साथ टॉप किया.
  • कृषि संकाय: हरिओम साहू ने 486 अंक हासिल कर संकाय में पहला स्थान पाया.
  • जीव विज्ञान: गार्गी अग्रवाल ने 484 अंक के साथ टॉप किया.
  • गृह विज्ञान: योग्यता टंक ने 478 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया.

10वीं बोर्ड 2025: टॉप‑3 छात्रों की लिस्ट

रैंक 1: प्रज्ञा जायसवाल (सिंगरौली) 500 अंक
रैंक 2: आयुष द्विवेदी (रीवा) 499 अंक
रैंक 3: शैज़ाह फातिमा (जबलपुर)  498 अंक

यह भी पढ़ें : MPBSE Result 2026: MP बोर्ड 10वीं-12वीं का रिजल्ट आज; 11 बजे जारी होंगे नतीजे, यहां जानें चेक करने की प्रोसेस

यह भी पढ़ें : MP Board 12th Topper List: प्रियल से लेकर अंकुर तक, किसने कितने अंकों के साथ बनाई टॉपर्स लिस्ट में जगह

यह भी पढ़ें : MP Board 12th Topper: 500 में 492 अंक लाकर प्रियल द्विवेदी बनीं 12वीं टॉपर, इनको दिया सफलता का श्रेय

यह भी पढ़ें : MP Board 5th & 8th Result: 23 लाख स्टूडेंट्स का इंतजार खत्म; 5वीं-8वीं का बोर्ड रिजल्ट ऐसे डाउनलोड करें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close