विज्ञापन

विजयनगर पंचायत में लाखों की हेराफेरी! कागजों में खरीदी, जमीन पर गायब सामान; निर्माण में गड़बड़ी उजागर

Panchayat Corruption: छत्तीसगढ़ के विजयनगर पंचायत में खरीदी और निर्माण कार्यों में लाखों की गड़बड़ी के आरोप। कागजों में डस्टबिन, कंप्यूटर, प्रिंटर, लेकिन मौके पर नहीं मिला सामान. पढ़िए पूरी खबर.

विजयनगर पंचायत में लाखों की हेराफेरी! कागजों में खरीदी, जमीन पर गायब सामान; निर्माण में गड़बड़ी उजागर
विजयनगर पंचायत में गड़बड़ी: कागजों में खरीदी, हकीकत में गायब सामान

Chhattisgarh Panchayat Corruption: छत्तीसगढ़ के धरमजयगढ़ क्षेत्र की विजयनगर पंचायत में विकास कार्यों और सामग्री खरीदी में बड़ी अनियमितताओं का मामला सामने आया है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पंचायत में लाखों रुपये के खर्च के बावजूद न तो खरीदा गया सामान मौजूद है और न ही निर्माण कार्य सही तरीके से हुए हैं. कागजों में कंप्यूटर सेट, प्रिंटर और सैकड़ों डस्टबिन की खरीदी दर्शाई गई, लेकिन मौके पर अधिकांश सामग्री गायब मिली. इस पूरे मामले को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है और उन्होंने पंचायत प्रशासन के खिलाफ जांच की मांग उठाई है.

कागजों में खरीदी, जमीन पर नहीं दिखा सामान

ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत के रिकॉर्ड में कंप्यूटर सेट, प्रिंटर और डस्टबिन खरीदे जाने के बिल मौजूद हैं, लेकिन वास्तविक स्थिति इससे अलग है. पंचायत भवन में इन सामानों का कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं मिला. बताया गया कि करीब 1.20 लाख रुपये की सामग्री खरीदी दिखाई गई है, जिसमें डस्टबिन और कंप्यूटर सेट शामिल हैं, लेकिन मौके पर यह सामान उपलब्ध नहीं है.

Vijayanagar Panchayat Scam: बिल की कॉपी

Vijayanagar Panchayat Scam: बिल की कॉपी

160 डस्टबिन की खरीदी, 60 भी नहीं मिले

सबसे अधिक सवाल डस्टबिन खरीदी को लेकर उठ रहे हैं. दस्तावेजों में 160 डस्टबिन खरीदे जाने का उल्लेख है, लेकिन पंचायत प्रतिनिधि 60 डस्टबिन भी मौके पर नहीं दिखा सके. इस विरोधाभास ने खरीद प्रक्रिया और भुगतान पर गंभीर संदेह खड़े कर दिए हैं.

Vijayanagar Panchayat Scam: बिल की कॉपी

Vijayanagar Panchayat Scam: बिल की कॉपी

सचिव और सरपंच के बयान में विरोधाभास

मामले में पंचायत सचिव भूपदेव राठिया और सरपंच विसून राठिया के बयानों में भी स्पष्टता नहीं दिखी. सचिव का कहना है कि कंप्यूटर उनके पास है और अन्य जानकारी सरपंच देंगे. वहीं सरपंच ने दावा किया कि कंप्यूटर सचिव के पास है और प्रिंटर पंच के पास रखा गया है. डस्टबिन खरीदी को लेकर भी सरपंच संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है.

स्कूल मरम्मत के नाम पर खर्च पर भी विवाद

मामले में प्राथमिक शाला भवन की मरम्मत के नाम पर 1.20 लाख रुपये के भुगतान पर भी सवाल उठे हैं. सचिव ने स्वीकार किया कि यह राशि स्कूल मरम्मत के बजाय पंचायत भवन में खर्च की गई. इससे वित्तीय अनियमितता के आरोप और पुख्ता हो गए हैं.

नाली निर्माण में भी गड़बड़ी के आरोप

ग्रामीणों ने पंचायत क्षेत्र में हुए नाली निर्माण कार्यों पर भी सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता की कमी रही है.

ग्रामीणों ने की निष्पक्ष जांच की मांग

पूरे मामले को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है और उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो भ्रष्टाचार के ऐसे मामलों को बढ़ावा मिलेगा. फिलहाल यह मामला प्रशासन के संज्ञान में है और अब देखना होगा कि जांच के बाद दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है.

यह भी पढ़ें : पैसे मांगने पर ग्वालियर में दिव्यांग दंपत्ति की पिटाई, वीडियो सामने आया, फिर भी पुलिस कार्रवाई नहीं

यह भी पढ़ें : “मुझे मेरी बीवी से बचाओ” ग्वालियर में पति ने लगाई गुहार, बॉयफ्रेंड साथ रखने की शर्त, जेवर-बच्चे संग पत्नी गायब

यह भी पढ़ें : कांगेर घाटी में बैम्बू राफ्टिंग और होमस्टे का मजा; बस्तर का मांझीपाल इको-टूरिज्म का नया हब, जानिए कैसे पहुंचे

यह भी पढ़ें : NIA अधिकारी बन फर्जी RBI नोटिस दिखाया, फिर डिजिटल अरेस्ट के नाम पर हुई 2.10 करोड़ की ठगी; आरोपी गिरफ्तार

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close