विज्ञापन

UPSC Result 2025: पिता चलाते हैं किराने की दुकान, बेटी दर्शना ने UPSC की परीक्षा में हासिल की 383वीं रैंक, दूसरे प्रयास में बनी IPS

UPSC Result 2025, Darshana singh: छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर के रहने वाली दर्शना सिंह ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा में दूसरे प्रयास में 383वीं रैंक हासिल की है. उन्होंने IIT कानपुर से पढ़ाई की है.

UPSC Result 2025: पिता चलाते हैं किराने की दुकान, बेटी दर्शना ने UPSC की परीक्षा में हासिल की 383वीं रैंक, दूसरे प्रयास में बनी IPS
UPSC Result: गांव से यूपीएससी तक का सफर, दर्शना सिंह ने दूसरे प्रयास में383वीं रैंक हासिल की

Darshana Singh Success Story: मनेन्द्रगढ़–चिरमिरी–भरतपुर जिले के जनकपुर क्षेत्र की बेटी दर्शना सिंह ने देश की सबसे प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा यूपीएससी में 383वीं रैंक हासिल कर पूरे जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है. उनकी इस उपलब्धि से जनकपुर सहित पूरे एमसीबी जिले में खुशी और गर्व का माहौल है. परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाइयां देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. दर्शना सिंह की इस सफलता को क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है.

 प्राप्त रैंक के आधार पर उनके भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में चयनित होने की संभावना भी जताई जा रही है, जिससे परिवार और क्षेत्र के लोगों में और भी उत्साह देखने को मिल रहा है.

पिता चलाते हैं राशन दुकान

 दर्शना सिंह के पिता अरूण सिंह जनकपुर में राशन दुकान संचालक हैं, जबकि उनकी माता सीमा सिंह नगर पंचायत जनकपुर में भारतीय जनता पार्टी की पार्षद हैं. साधारण परिवार से आने के बावजूद दर्शना ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन के बल पर यह बड़ी सफलता हासिल की है.

IIT कानपुर से की इंजीनियरिंग की पढ़ाई

दर्शना की प्रारंभिक शिक्षा जनकपुर में ही हुई, जहां से उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी की. इसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए प्रतिष्ठित आईआईटी कानपुर में प्रवेश लिया और वहां से सिविल इंजीनियरिंग की डिग्री प्राप्त की.

दूसरे प्रयास में मिली सफलता

पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य तय कर लिया था और उसी दिशा में लगातार तैयारी करती रहीं. कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ उन्होंने दूसरे प्रयास में यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर यह मुकाम प्राप्त किया.

छत्तीसगढ़ का किया नाम रोशन

दर्शना की इस उपलब्धि पर उनके पिता अरूण सिंह ने खुशी जताते हुए इसे पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया और मां चांग देवी का आभार व्यक्त किया. वहीं उनकी माता सीमा सिंह ने कहा कि दर्शना बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और मेहनती रही है और उसी का परिणाम आज सबके सामने है. उन्होंने कहा कि बेटी की सफलता से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है.

दर्शना ने कहा क्या कहा?

दर्शना सिंह ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार, गुरुजनों को दिया. साथ ही उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया. दर्शना ने कहा कि निरंतर मेहनत, धैर्य और सकारात्मक सोच से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है. उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं, खासकर बेटियों को बड़ी प्रेरणा मिल रही है.

ये भी पढ़ें: नायब तहसीलदार, कलेक्टर से IAS कैडर तक: जहां मिली कमान वहां किया कमाल, जानिए प्रमोशन से IAS बने वीरेंद्र बहादुर पंचभाई की कहानी

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close