Surajpur Road Accident: छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के सूरजपुर के चांदनी बिहारपुर क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. मोहरसोप चौकी इलाके के उमझर घाटी के पास बारात के बाद चौथी लेने गए लोगों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई. इस भीषण हादसे में मौके पर दो लोगों की मौत हो गई, जबकि इलाज के दौरान एक और घायल ने दम तोड़ दिया. इस तरह हादसे में कुल तीन लोगों की जान चली गई है.
अनियंत्रित होकर पलटा पिकअप, मची चीख-पुकार
जानकारी के मुताबिक, ग्राम बिहारपुर के पंडो परिवार के करीब 30 महिला-पुरुष पिकअप वाहन क्रमांक MP 66 G 0850 में सवार होकर ग्राम रसौकी में चौथी समारोह में शामिल होने गए थे. देर रात समारोह से लौटते समय उमझर घाट के पास अचानक वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और पिकअप पलट गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.
तीन की मौत, एक दर्जन लोग घायल
घटना में सीता कुंवर पंडो और रामशरण पंडो की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य घायल बसंती पंडो ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है. गंभीर घायलों को अंबिकापुर और जिला अस्पताल सूरजपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.
कच्ची सड़क और बारिश के कारण हुआ हादसा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वहां कच्ची सड़क और बारिश के कारण कीचड़ था, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया.
पुलिस ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि मालवाहक वाहनों में सवारी न करें. नियमों की अनदेखी ही ऐसे दर्दनाक हादसों की बड़ी वजह बन रही है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें: Ujjain: बालगृह के बाथरूम की ग्रिल तोड़कर भागे तीन बच्चे, मचा हड़कंप, तलाश जारी