विज्ञापन

घर में विस्फोटक रखने वाला आरोपी गिरफ्तार, रायपुर पुलिस का खुलासा; आत्महत्या की थी योजना

Raipur Explosives Case: रायपुर में घर के बाहर विस्फोटक सामग्री रखने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया, बड़ी घटना टली, जांच जारी.

घर में विस्फोटक रखने वाला आरोपी गिरफ्तार, रायपुर पुलिस का खुलासा; आत्महत्या की थी योजना
रायपुर में घर के बाहर विस्फोटक रखने वाला आरोपी गिरफ्तार, बड़ी घटना टली

Raipur Explosives Case: रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में एक घर के बाहर विस्फोटक सामग्री रखने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पिछले कई दिनों से फरार था और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी कर उसे भनपुरी क्षेत्र से पकड़ा. जांच में सामने आया कि आरोपी ने पारिवारिक विवाद के चलते आत्महत्या करने की नीयत से विस्फोटक सामग्री तैयार की थी. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में उपयोग की गई सामग्री और मोटरसाइकिल भी जब्त की है.

घर के बाहर छोड़ा था संदिग्ध बैग

यह मामला 7 मई 2026 को सामने आया, जब खमतराई पुलिस को सूचना मिली कि बीरगांव प्रगति चौक के पास स्थित एक मकान के बाहर संदिग्ध बैग रखा हुआ है. सूचना देने वाली पुष्पा साहू ने बताया कि उनके पूर्व परिचित विनय कुमार देवांगन 6 मई की रात एक काले रंग का हैंडबैग उनके घर पर छोड़कर गया था और सुबह लेने की बात कही थी. लेकिन जब वह अगले दिन सुबह तक वापस नहीं आया, तो संदेह होने पर बैग की जांच की गई. इसमें बम जैसी सामग्री और पिस्टल जैसे हथियार दिखाई दिए, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

BDS टीम ने किया बम निष्क्रिय

मौके पर पहुंची खमतराई पुलिस ने बम निरोधक दस्ता (BDS) और बैलिस्टिक एक्सपर्ट की मदद से बैग को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर जांच की. जांच में बैग के अंदर तीन बम जैसी बोतलें, तार, बैटरी, IED मैकेनिज्म, मोबाइल चिप, फिलामेंट और एक एयर पिस्टल बरामद हुई. विशेषज्ञों ने सावधानीपूर्वक विस्फोटक सामग्री को डिफ्यूज किया. प्राथमिक जांच में एक्सप्लोसिव डिटेक्शन किट के जरिए विस्फोटक पदार्थ होने की पुष्टि हुई. इसके बाद पुलिस ने सभी सामग्री को जब्त कर जांच शुरू की.

तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी का सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4 और 5 के तहत अपराध दर्ज किया. इसके बाद तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की गई. पुलिस को पता चला कि आरोपी लगातार अपना स्थान बदल रहा है और गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा है.

भनपुरी से किया गया गिरफ्तार

आखिरकार पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी भनपुरी रिंग रोड नंबर-2 के आसपास मौजूद है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया. पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया.

आत्महत्या के लिए तैयार किए थे विस्फोटक

पूछताछ में आरोपी विनय कुमार देवांगन (49) ने बताया कि वह पारिवारिक विवाद से परेशान था और आत्महत्या करने के लिए विस्फोटक सामग्री तैयार कर रहा था. पुलिस ने उसके कब्जे से बैटरी, फटाका ज्वॉइंटर, तार और घटना में उपयोग की गई मोटरसाइकिल (CG 04 MK 2712) भी बरामद की है.

आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 332/2026 के तहत विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तारी की है. आरोपी का नाम विनय कुमार देवांगन है, जो मूल रूप से ग्राम मलौद (धरसींवा) का निवासी है और वर्तमान में बीरगांव क्षेत्र में रह रहा था.

यह भी पढ़ें : रायगढ़ में IPL सट्टा और हवाला नेटवर्क का खुलासा, 1 करोड़ से अधिक नकदी जब्त, अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई

यह भी पढ़ें : 9 दिन की बच्ची को चढ़ा दिया 12 यूनिट ब्लड; मेडिकल कॉलेज विदिशा में बवाल, बच्ची की मौत पर डॉक्टरों से झड़प

यह भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ में सुखदेवपुर पुल टूटते ही कोयला सप्लाई ठप; सूरजपुर के दर्जनों गांवों का संपर्क कटा

यह भी पढ़ें : डायनासोर जीवाश्म राष्ट्रीय उद्यान का 200 हेक्टेयर तक विस्तार, धार में विशाल डायनासोर संग्रहालय भी बनेगा

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close