रायपुर में चलती बाइक पर 'रोमांस और स्टंट': पुलिस कमिश्नरेट के सामने उड़ी नियमों की धज्जियां, रील वायरल

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चलती स्पोर्ट्स बाइक पर स्टंट और रोमांस का वीडियो वायरल हुआ है. रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के सामने बिना हेलमेट नियम तोड़ते दिखे युवक-युवती. जानिए इंस्टाग्राम क्रिएटर की इस विवादित रील और पुलिस कार्रवाई से जुड़ी पूरी खबर.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए ट्रैफिक नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है. दरअसल यहां पुलिस कमिश्नरेट के पास चलती स्पोर्ट्स बाइक पर युवक-युवती का स्टंट और रोमांस करते हुए वीडियो इंटरनेट पर तेजी से फैल रहा है. वीडियो में एक युवक और युवती चलती स्पोर्ट्स बाइक पर खतरनाक तरीके से पोज देते और ट्रैफिक नियमों की खुलेआम अनदेखी करते नजर आ रहे हैं. इस पूरी घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और शहर की ट्रैफिक पुलिस की मुस्तैदी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस ये पता लगा रही है कि ये वीडियो कब बनाया गया और वीडियो में दिख रहे दोनों युवक-युवती कौन हैं?  

स्पोर्ट्स बाइक पर खतरनाक स्टंट और अश्लीलता

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक तेज रफ्तार स्पोर्ट्स बाइक पर युवक-युवती बिना किसी सुरक्षा उपकरण या हेलमेट के सवार हैं. लड़की बाइक की फ्यूल टंकी पर उल्टी दिशा में बैठकर युवक के गले में हाथ डाले नजर आ रही है. बीच सड़क पर इस तरह से चलती बाइक पर बैठकर रोमांस करना न केवल खुद उनकी जान के लिए बेहद जोखिम भरा है, बल्कि राह चलते अन्य लोगों की सुरक्षा से भी सीधा खिलवाड़ है.

Advertisement

पुलिस कमिश्नरेट के सामने कानून को चुनौती

यह पूरा मामला इसलिए भी गंभीर माना जा रहा है क्योंकि रील का एक हिस्सा रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के ठीक सामने और आसपास के इलाकों में शूट किया गया लगता है. कानून व्यवस्था के केंद्र के सामने ही इस तरह की रील बनाकर सोशल मीडिया पर डालना सीधे तौर पर पुलिस और प्रशासन को दी गई चुनौती माना जा रहा है. आम जनता का कहना है कि वायरल होने के चक्कर में युवाओं के दिल से कानून और कार्रवाई का डर पूरी तरह खत्म होता जा रहा है.
ये भी पढ़ें: स्कूल के सामने 15 फीट गहरे गड्ढे में डूबे दो मासूम, मौत; परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

भीमेश देवांगन का बताया जा रहा अकाउंट

मिली जानकारी के मुताबिक यह वीडियो इंस्टाग्राम पर 'bhimeshh_22' नाम के एक वेरिफाइड प्रोफाइल पर अपलोड किया गया है, जो भीमेश देवांगन नाम के एक कंटेंट क्रिएटर का प्रतीत होता है. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे बेहद गैर-जिम्मेदाराना, फूहड़ और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करार दिया है. लोगों का आरोप है कि इस तरह के कृत्यों से युवाओं में गलत संदेश जाता है और सड़क सुरक्षा पूरी तरह खतरे में पड़ती है.वीडियो के इंटरनेट पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स ने रायपुर पुलिस से इस मामले पर संज्ञान लेने की मांग की है. ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने और अश्लीलता फैलाने वाले इस रील क्रिएटर पर सख्त चालानी कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने की आवाज उठ रही है. फिलहाल पुलिस इस बात की जांच में जुटी है कि यह वीडियो कब शूट किया गया था और इसमें शामिल युवक-युवती की पहचान कर उन पर कानूनी शिकंजा कसने की तैयारी की जा रही है.
ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़: परमात्मानंद संस्कृत विद्यालय में आधी रात लगी भीषण आग, 50 से ज्यादा छात्रों को सुरक्षित बचाया