गौरेला–पेंड्रा–मरवाही जिले के गौरेला स्थित परमात्मानंद संस्कृत उच्चतर विद्यालय में मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. आग ने देखते ही देखते विद्यालय के कई कमरों को अपनी चपेट में ले लिया. सबसे राहत की बात यह रही कि आग के समीप स्थित छात्रावास में सो रहे 50 से अधिक छात्रों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. सूचना मिलते ही नगर पालिका परिषद पेंड्रा की दमकल टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया.
गौरेला स्थित परमात्मानंद संस्कृत उच्चतर विद्यालय, गोरखपुर में मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे भीषण आग लग गई. आग लगने की सूचना मिलते ही नगर पालिका परिषद पेंड्रा की दमकल टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने का अभियान शुरू किया.

कई कमरे आग की चपेट में आए
आग इतनी तेजी से फैली कि विद्यालय के कई कमरे इसकी चपेट में आ गए. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग से विद्यालय को लाखों रुपये की क्षति हुई है. आग की लपटें और धुआं दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

पास के हॉस्टल में सो रहे थे 50 छात्र
घटना का सबसे गंभीर पहलू यह रहा कि जिस भवन में आग लगी, उसके समीप स्थित छात्रावास में 50 से अधिक छात्र रात के समय सो रहे थे. समय रहते आग की जानकारी मिलने और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. यदि कुछ देर और हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था.
दमकल कर्मियों और स्थानीय नागरिकों की संयुक्त कोशिशों से आग को छात्रावास तक फैलने से रोक लिया गया.
क्या हो सकता है आग का कारण
जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण बच्चे रात को आग का खेल कर रहे थे और खेल-खेल में आग के छींटे ऊपर स्टोर में रखे सामानों में जाकर पड़ गए. हालांकि, वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. विद्यालय प्रबंधन ने फिलहाल इस घटना पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है.
ये भी पढ़ें- Commonwealth Games: छत्तीसगढ़ की बेटी ने वेटलिफ्टिंग में जीता सिल्वर, जानें ASI ज्ञानेश्वरी यादव के बारे में