Raigarh Window AC Blast: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में देर रात भीषण हादसा हो गया. यहां एक विंडो AC का कम्प्रेशर ब्लास्ट हो गया, जिससे घर में आग लग गई. इस हादसे में पिता की मौत हो गई. वहीं उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके अलावा घर के बाहर खड़ी एक मोटरसाइकिल और स्कूटी जलकर राख हो गई. यह घटना रायगढ़ के आईटीआई अंबेडकर कॉलोनी की है.

AC ब्लास्ट के बाद घर में लगी आग
बताया जा रहा है कि घर के बरामदे में लगा एसी अचानक ब्लास्ट हो गया, जिसके बाद आग तेजी से पूरे मकान में फैल गई. उस समय घर के अंदर पिता और बेटे कमरे बंद करके सो रहे थे. जानकारी के मुताबिक, घर में धुंआ भरने के कारण दम घुटने से पिता की मौत हो गई. वहीं उसका बेटा घायल हो गया.

वहीं घर में आग देखकर मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल हो गया. मोहल्लेवासियों ने ताला तोड़कर दोनों को बाहर निकाला और आग पर काबू पाने का प्रयास किया.

एक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल
घटना के बाद दोनों को अस्पताल भेजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलेक्ट्रॉनिक मिस्त्री पुरुषोत्तम पटेल को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनका 19 वर्षीय बेटा राजवीर पटेल गंभीर रूप से घायल है. आग से घर का पूरा सामान, एक मोटरसाइकिल और स्कूटी जलकर खाक हो गई. स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना के बावजूद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम करीब डेढ़ घंटे बाद मौके पर पहुंची. बताया जा रहा है कि मृतक और घायल पुसौर ब्लॉक के देवलसुर्रा गांव के रहने वाले हैं.
ये भी पढ़ें: अशोकनगर: कार में खून से लथपथ मिले युवक-युवती के शव, एक के सिर में गोली तो दूसरे के चेहरे पर चोट के निशान