विज्ञापन
This Article is From Sep 05, 2025

छत्तीसगढ़ में मिशन अंतरिक्ष और प्रोजेक्ट जय विज्ञान का शुभारंभ, अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला बने छात्रों की प्रेरणा

CM Vishnu Deo Sai: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिक्षक दिवस के अवसर पर "मिशन अंतरिक्ष" और "प्रोजेक्ट जय विज्ञान" अभियान का शुभारंभ किया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और विज्ञान के प्रति जिज्ञासा एवं उत्साह को बढ़ाना है.

छत्तीसगढ़ में मिशन अंतरिक्ष और प्रोजेक्ट जय विज्ञान का शुभारंभ, अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला बने छात्रों की प्रेरणा

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय (CM Vishnu Deo Sai) ने आज शिक्षक दिवस के विशेष अवसर पर CM निवास परिसर से छात्रों में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति जागरूकता के लिए मिशन अंतरिक्ष और प्रोजेक्ट जय विज्ञान अभियान का शुभारंभ किया. इस दौरान रायपुर जिला प्रशासन, इग्नाइटिंग ड्रीम्स ऑफ यंग माइंड फाउंडेशन और विज्ञान भारती के मध्य दो महत्वपूर्ण समझौते हुए, जिनसे बच्चों को अंतरिक्ष से जुड़े विषयों की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त होगी.

Latest and Breaking News on NDTV

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश वासियों की ओर से ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को उनकी सफल अंतरिक्ष यात्रा के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनका अभिनंदन किया. उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को नमन करते हुए सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं. मुख्यमंत्री साय ने जिला प्रशासन की इस विशेष पहल की सराहना करते हुए कहा कि इन समझौतों का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और विज्ञान के प्रति जिज्ञासा एवं उत्साह को बढ़ाना है.

Latest and Breaking News on NDTV

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विज्ञान केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की एक सोच है. विज्ञान प्रश्न पूछने और तर्क करने की शक्ति और समस्याओं का समाधान खोजने की क्षमता प्रदान करता है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रोजेक्ट जय विज्ञान के अंतर्गत आयोजित कार्यशालाएं, विज्ञान प्रदर्शनियां, प्रतियोगिताएं और नवाचारी परियोजनाएँ विद्यार्थियों को नई चीजें सीखने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर देंगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से छत्तीसगढ़ के बच्चे केवल ज्ञान के उपभोक्ता नहीं, बल्कि नए विचारों और खोजों के सृजनकर्ता बनेंगे. यही आत्मनिर्भर भारत और विज्ञान-आधारित समाज की सच्ची नींव है.

मुख्यमंत्री ने बच्चों से आह्वान किया कि वे शुभांशु शुक्ला से प्रेरणा लेकर अपनी रुचि के क्षेत्र में आगे बढ़ें और अपना तथा देश का नाम ऊंचा करें.

कार्यक्रम में ऑनलाइन जुड़े अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने कहा कि देश ने जो अवसर उन्हें प्रदान किया है, उसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाना उनकी जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी का मैं विशेष आभार व्यक्त करता हूं कि उनकी पहल से ऐसे सार्थक कार्यक्रम आयोजित हो पा रहे हैं. जब प्रदेश का मुखिया विज्ञान और शिक्षा से जुड़े आयोजनों को महत्व देता है तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे प्रदेश पर पड़ता है और बच्चों के भीतर नई ऊँचाइयों तक पहुंचने की प्रेरणा उत्पन्न होती है.”

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close