विज्ञापन

मनरेगा में कबीरधाम का शानदार प्रदर्शन, रोजगार के इन पैमानों पर छत्तीसगढ़ में बना टॉपर

MGNREGA Employment: कबीरधाम जिले ने मनरेगा के क्रियान्वयन में एक बार फिर प्रदेश में बढ़त बनाई है. रोजगार, मजदूरी भुगतान और महिला‑दिव्यांग सहभागिता में जिले के आंकड़े प्रभावशाली रहे.

मनरेगा में कबीरधाम का शानदार प्रदर्शन, रोजगार के इन पैमानों पर छत्तीसगढ़ में बना टॉपर
मनरेगा के तहत कबीरधाम जिले में चल रहे रोजगार कार्य

MGNREGA Employment: महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के क्रियान्वयन में कबीरधाम जिले ने एक बार फिर प्रदेश भर में अपनी श्रेष्ठता साबित की है. वित्तीय वर्ष 2025‑26 में जिले ने सर्वाधिक परिवारों को रोजगार, सबसे ज्यादा मानव‑दिवस सृजन और दिव्यांगजनों को अधिकतम रोजगार देने के पैमानों पर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है. अधिकारियों ने बताया कि लगातार निगरानी, समय पर कामों की स्वीकृति और मजदूरी भुगतान की व्यवस्था का असर अब साफ दिखने लगा है. जिले का प्रदर्शन यह बताने के लिए काफी है कि यदि योजनाओं को गंभीरता से ज़मीनी स्तर पर लागू किया जाए तो उसका सीधा लाभ ग्रामीणों तक पहुंच सकता है.

लगातार समीक्षा और मांग आधारित कामों का दिखा असर

कलेक्टर कबीरधाम गोपाल वर्मा ने बताया कि ग्रामीणों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के लिए योजना की नियमित समीक्षा की गई. ग्राम पंचायतों की मांग के अनुसार बड़ी संख्या में निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए और उन्हें तुरंत शुरू कराया गया. उन्होंने कहा कि वनांचल क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक बड़े पैमाने पर काम चल रहे हैं. इस दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि मजदूरों को समय पर भुगतान मिले. वर्तमान में जिले में मनरेगा के तहत पर्याप्त रोजगार उपलब्ध है. कलेक्टर के अनुसार, वर्ष 2025‑26 में 11 हजार 466 परिवारों को 100 दिन का रोजगार उपलब्ध कराया गया है, जिससे ये परिवार आर्थिक रूप से मजबूत हो सके हैं. प्रशासन का लक्ष्य योजना का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है.

MGNREGA Employment: कबीरधाम में मनरेगा के तहत काम करते ग्रामीण

MGNREGA Employment: कबीरधाम में मनरेगा के तहत काम करते ग्रामीण

जल संरक्षण और आजीविका पर विशेष फोकस

कलेक्टर गोपाल वर्मा ने बताया कि मनरेगा के अंतर्गत जल संरक्षण, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन और आजीविका संवर्धन जैसे क्षेत्रों में लगातार काम कराए जा रहे हैं. इससे न सिर्फ ग्रामीणों को रोजगार मिल रहा है, बल्कि गांवों में स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण भी हो रहा है.

रोजगार के साथ आजीविका मजबूत करना लक्ष्य: सीईओ

जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीणों की मांग के अनुरूप काम उपलब्ध कराना और समय पर कार्यों की स्वीकृति देना प्रशासन की प्राथमिकता रही. इसी कारण जिले के हर क्षेत्र में रोजगार के अवसर बने और कबीरधाम प्रदेश में बेहतर प्रदर्शन कर सका. उन्होंने बताया कि आजीविका डबरी, नए तालाबों का निर्माण, कच्ची नालियों का निर्माण, पुराने तालाबों का गहरीकरण जैसे जल संरक्षण कार्यों के साथ‑साथ कुक्कुट पालन शेड और पशुपालन शेड जैसे आजीविका आधारित कार्यों को भी प्राथमिकता दी गई. सीईओ के अनुसार मार्च माह के अंतिम सप्ताह में शुरू हुए नए कार्यों का असर आने वाले समय में जिले की उपलब्धियों को और आगे बढ़ाएगा.

आंकड़ों में कबीरधाम की उपलब्धियां

मनरेगा के इन पैमानों पर जिले का प्रदर्शन खासा प्रभावशाली रहा.

  • मानव‑दिवस सृजन में अव्वल : जिले के ग्रामीणों को 58 लाख 54 हजार 40 मानव‑दिवस का रोजगार मिला, जो प्रदेश में सबसे अधिक है.
  • सबसे अधिक परिवारों को रोजगार : कुल 1 लाख 42 हजार 482 ग्रामीण परिवारों को रोजगार प्रदान किया गया, इसमें भी कबीरधाम प्रदेश में पहले स्थान पर रहा.
  • दिव्यांगजनों को रोजगार में प्रदेश में पहला स्थान: जिले के 2 हजार 538 दिव्यांगजनों को 58 हजार 493 मानव‑दिवस का रोजगार दिया गया.
  • महिलाओं की भागीदारी भी मजबूत: योजना के तहत 1 लाख 30 हजार 160 महिलाएं पंजीकृत हैं, जिन्हें 29 लाख 33 हजार 959 मानव‑दिवस का रोजगार मिला. महिलाओं को रोजगार देने में जिला प्रदेश में तीसरे स्थान पर रहा.
  • 124 करोड़ से अधिक का सीधा भुगतान: मनरेगा मजदूरों को 124 करोड़ 53 लाख 46 हजार रुपये की मजदूरी सीधे बैंक खातों में दी गई. भुगतान के मामले में भी जिला प्रदेश में तीसरे स्थान पर है.

ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिल रहा संबल

विशेषज्ञों का मानना है कि समय पर मजदूरी भुगतान और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है. गांवों में रोजगार के साथ‑साथ तालाब, नालियां और अन्य परिसंपत्तियों के निर्माण से दीर्घकालीन फायदा भी देखने को मिलेगा.

यह भी पढ़ें : MP में मनरेगा पर कांग्रेस ने खोला मोर्चा; BJP MLA ने कहा- राम का विरोध करने वाली कांग्रेस का रावण की तरह अंत

यह भी पढ़ें : भोजशाला मस्जिद-मंदिर विवाद: अब हाईकोर्ट में लगातार सुनवाई, पांच याचिकाएं लंबित, सुप्रीम कोर्ट ने कही ये बात

यह भी पढ़ें : खतरे में दतिया से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की विधायकी, MP-MLA ने सुनाई 3 साल की सजा, जानें पूरा मामला

यह भी पढ़ें : उज्जैन में केमिकल फैक्ट्री के 30 कर्मचारी हुए बहरेपन के शिकार, कलेक्टर से लेकर CM तक शिकायत, ये है मांग

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com