Mainpat Festival 2026: अंबिकापुर में मैनपाट महोत्सव 2026 का आगाज हो गया है. इस महोत्सव के पहले दिन छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पहुंचे और 523 करोड़ रुपये के विभिन्न कार्यों की सौगात दी. इस दौरान सीएम विष्णु देव साय ने मैनपाट को पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने की बात कही. इस दौरान सीएम के साथ बीजेपी नेता व भोजपुरी गायक मनोज तिवारी भी मौजूद रहे. मनोज तिवारी अपनी रंगारंग प्रस्तुति देंगे.
हर वर्ष होगा मैनपाट महोत्सव
सीएम विष्णु देव साय ने कहा कि जिले की संस्कृति, परंपरा और अस्मिता को प्रदर्शित करने का यह महत्वपूर्ण माध्यम है. उन्होंने आयोजन की भव्यता की सराहना करते हुए इसे प्रतिवर्ष निर्धारित तिथि पर आयोजित करने की घोषणा की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने मैनपाट में पर्यटन विकास के लिए 1 करोड़ रुपये और सीतापुर में सर्वसुविधायुक्त बस स्टैंड निर्माण की घोषणा की.

Mainpat Mahotsav 2026: मनोज तिवारी अपनी रंगारंग प्रस्तुति देंगे.
CM साय ने अंबिकापुर को दी 523 करोड़ की सौगात
साथ ही अंबिकापुर को 523 करोड़ 20 लाख रुपये से अधिक के 109 विकास कार्यों की सौगात दी. इनमें 429 करोड़ से अधिक लागत के 81 कार्यों का भूमिपूजन और 94 करोड़ से अधिक लागत के 28 कार्यों का लोकार्पण शामिल है. निर्माण कार्यों में सड़कों, भवनों, सेतु, जल संसाधन और आदिवासी विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी गई है.
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मैनपाट जैसे पर्यटन स्थलों के विकास से स्थानीय युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं. मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर हितग्राहियों को योजनाओं के तहत सामग्री वितरित की.
बता दें कि मैनपाट महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और तिब्बती ‘ताशी शोपा' नृत्य ने समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान किया.
ये भी पढ़ें: चैतन्य बघेल की राजनीति में एंट्री! सियासी गलियारों में हलचल तेज, बीजेपी ने कसा तंज, कहा- 'कांग्रेस में वंशवाद'