विज्ञापन
This Article is From Feb 01, 2026

फर्जी नंबर प्लेट, आगे शराब और पीछे भूसा: फिल्मी स्टाइल में अवैध शराब की तस्करी, कुम्हाररास जंगल में ट्रक पकड़ाया

Illicit liquor smuggling in Dantewada: ट्रक के अगले हिस्से में बीयर और व्हिस्की की पेटियां भरी हुई थीं, जबकि पिछले हिस्से में भूसा भरकर शराब को छिपाने की कोशिश की गई थी, ताकि किसी को शक न हो.

फर्जी नंबर प्लेट, आगे शराब और पीछे भूसा: फिल्मी स्टाइल में अवैध शराब की तस्करी, कुम्हाररास जंगल में ट्रक पकड़ाया

Chhattisgarh News in Hindi: दंतेवाड़ा जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ आबकारी विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है. मध्य प्रदेश के धार जिले से भरकर लाई जा रही भारी मात्रा में अवैध शराब से भरा एक ट्रक कुम्हाररास के घने जंगलों में पकड़ा गया. शनिवार देर रात मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर आबकारी विभाग की टीम ने दबिश देकर इस फिल्मी स्टाइल तस्करी का पर्दाफाश किया.

जानकारी के मुताबिक, आबकारी विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि जंगलों के रास्ते दंतेवाड़ा में अवैध शराब खपाने के लिए एक ट्रक पहुंचा है. सूचना मिलते ही आबकारी अमला सक्रिय हुआ और बताए गए स्थान पर घेराबंदी की. जंगलों के बीच ट्रक से शराब अनलोड की जा रही थी. जैसे ही आबकारी टीम मौके पर पहुंची, वहां मौजूद तस्कर अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए. इसके बाद मौके से ट्रक समेत भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त कर उसे दंतेवाड़ा कलेक्ट्रेट लाया गया.

फर्जी नंबर प्लेट, आगे शराब और पीछे भूसा

कार्रवाई के दौरान तस्करों के शातिर तरीके भी सामने आए. ट्रक में दो नंबर प्लेट लगी हुई थीं. सामने की प्लेट पर एमपी 07 एचबी 3533 नंबर दर्ज था, जबकि ठीक उसके पीछे एमपी 09 एचजी 6787 नंबर की दूसरी प्लेट छिपाकर लगाई गई थी. इतना ही नहीं, जांच में सामने आया कि ट्रक के अगले हिस्से में बीयर और व्हिस्की की पेटियां भरी हुई थीं, जबकि पिछले हिस्से में भूसा भरकर शराब को छिपाने की कोशिश की गई थी, ताकि किसी को शक न हो.

Latest and Breaking News on NDTV

मौके पर मौजूद आबकारी निरीक्षक लोकेश मांझी ने बताया कि टीम देर रात मौके पर पहुंची थी. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार ट्रक में 200 से अधिक पेटियां अवैध शराब हो सकती हैं. फिलहाल जब्त शराब की गिनती और दस्तावेजी कार्रवाई जारी है. पूरी गणना के बाद मीडिया को विस्तृत जानकारी दी जाएगी.

लगातार पकड़ी जा रही बाहर की शराब

बता दें कि  मध्यप्रदेश के धार जिले से दंतेवाड़ा की दूरी लगभग एक हजार किलोमीटर है. इसके बावजूद इतनी दूर से अवैध शराब की खेप दंतेवाड़ा तक पहुंच जाना तस्करी के बड़े नेटवर्क की ओर इशारा करता है. इससे पहले भी ओडिशा राज्य से लाई गई अवैध शराब पकड़ी जा चुकी है. वहीं, दंतेवाड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा हाल ही में रेड मारकर करीब 50 पेटी अवैध शराब जब्त की गई है, जिसकी कार्रवाई अभी जारी है.

प्रशासन और आबकारी विभाग ने साफ किया है कि अवैध शराब के कारोबार पर सख्त नजर रखी जा रही है और तस्करी से जुड़े लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close