छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र से सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां पति के काम से घर लौटने के बाद खाना बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी की जान चली गई. मामला मानिकपुर गांधी नगर का है, जहां आरोपी पति ने डंडे से हमला कर पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी. सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
दरअसल, मानिकपुर गांधी नगर निवासी बलिराम मरावी दोपहर में काम से घर लौटा था. उस समय उसकी पत्नी संगीता मरावी घर पर मौजूद थी, लेकिन खाना नहीं बना था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर बलिराम ने पास में रखे डंडे से पत्नी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. घटना के समय आरोपी का बुजुर्ग पिता भी घर पर मौजूद था.
शव के पास बैठा रहा आरोपी पति
उन्होंने पड़ोसी को बुलाया, जिसके बाद घायल संगीता को घर में छांव में लिटाया गया और पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और कुछ ही देर बाद संगीता की मौत हो गई. वहीं, उसका बेटा गांव गया था जिसे सूचना मिली और वह घर पहुंचा और देखा तो हैरान रह गया. घटना के बाद भी आरोपी पति मौके पर ही बैठा रहा.
सूचना मिलते ही बांगो थाना प्रभारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. वहीं, एफएसएल और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए. फॉरेंसिक टीम के अनुसार महिला के शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिसे कन्फर्म करने के लिए पीएम के लिए भेजा जाएगा. फिलहाल पुलिस आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें- Palak Rajak Case: पति का सरेंडर, कहा- 'उसका अफेयर था', आरोपी की बहन का दावा- 'बीयर-गांजा पीती थी', Video हैं
(नानक सिंह राजपूत की रिपोर्ट)