विज्ञापन

दुरंतो एक्सप्रेस में 1.96 करोड़ का सोना बरामद, RPF-DIR के श‍िकंजे में दो तस्कर

हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में आरपीएफ क्राइम ब्रांच रायपुर-नागपुर और डीआरआई की संयुक्त कार्रवाई में 1.96 करोड़ रुपये मूल्य का 1.242 किग्रा विदेशी सोना जब्त किया गया. दो आरोपियों को गिरफ्तार कर सीमा शुल्क अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है. विस्तृत जांच जारी है.

दुरंतो एक्सप्रेस में 1.96 करोड़ का सोना बरामद, RPF-DIR के श‍िकंजे में दो तस्कर
howrah mumbai duronto express gold smuggling rpf dri seizure nagpur

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रेलवे सुरक्षा बल की क्राइम ब्रांच रायपुर एवं नागपुर की टीम ने राजस्व आसूचना निदेशालय, नागपुर की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए सोने की तस्करी का पर्दाफाश किया है. संयुक्त टीम ने ट्रेन संख्या 12262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है. उनके कब्जे से लगभग 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद हुआ है, जिसमें 7 सोने के बिस्किट और 1 सोने की छड़ शामिल है. बरामद सोने की अनुमानित कीमत लगभग 1.96 करोड़ रुपये है.

डीआरआई नागपुर की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई

रेलवे सुरक्षा बल क्राइम ब्रांच, नागपुर के निरीक्षक को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई थी कि उक्त ट्रेन में दो व्यक्ति अवैध विदेशी सोना लेकर यात्रा कर रहे हैं. सूचना की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर ने तत्काल आरपीएफ क्राइम ब्रांच रायपुर को सूचित किया और डीआरआई नागपुर की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई.

भंडारा-नागपुर के मध्य कोच में दो संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी

प्राप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम द्वारा रायपुर से नागपुर के बीच ट्रेन में सघन जांच एवं निगरानी अभियान चलाया गया. जांच के दौरान भंडारा और नागपुर के मध्य कोच संख्या B-12 में दो संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित कर उनकी तलाशी ली गई. तलाशी में उनके पास से 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1.96 करोड़ रुपये आंकी गई है.

आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के उपरांत दोनों अभियुक्तों को बरामद सोने के साथ डीआरआई नागपुर के सुपुर्द कर दिया गया. दोनों आरोपियों के विरुद्ध सीमा शुल्क अधिनियम , 1962 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है. प्रकरण की विस्तृत जांच डीआरआई नागपुर द्वारा की जा रही है.

इस सफल कार्रवाई में रेलवे सुरक्षा बल क्राइम ब्रांच नागपुर एवं रायपुर की टीम की सतर्कता, त्वरित सूचना-साझाकरण और प्रभावी समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही. रेलवे सुरक्षा बल द्वारा रेल परिसरों एवं ट्रेनों के माध्यम से अवैध व प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार सतर्कता एवं जांच अभियान चलाए जा रहे हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close