विज्ञापन
This Article is From Jul 27, 2025

बचाने की कोशिश में खुद डूब गया युवक, बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने के लिए नाले में लगाई थी छलांग 

Durg News: बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने के लिए उफनते नाले में कूदा युवक खुद ही बह गया. जबकि बाकी लोग सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए हैं. 

बचाने की कोशिश में खुद डूब गया युवक, बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने के लिए नाले में लगाई थी छलांग 
फाइल फोटो

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पिछले 8-10 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं. इसी बीच, कुम्हारी के रामपुर नाला में तीन लोग अपनी बकरियों के साथ तेज बहाव में फंस गए. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. भीड़ में मौजूद 35 वर्षीय राकेश बंजारे ने बिना देर किए फंसे हुए लोगों को बचाने के लिए नाले में छलांग लगा दी, लेकिन तेज धार में वह स्वयं बह गया.

घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस सक्रिय हुई और तुरंत एसडीआरएफ की टीम को सूचित किया गया. एसडीआरएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर बाढ़ में फंसे तीन लोगों और उनकी बकरियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. हालांकि, राकेश बंजारे का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है. 

एसडीआरएफ की टीम तेज बहाव के बावजूद लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है. टीम के एक जवान हबीब खान ने बताया पानी का बहाव बहुत तेज है, जिससे खोजबीन में काफी कठिनाई हो रही है. फिर भी, हम पूरी मुस्तैदी से राकेश की तलाश कर रहे हैं.

जारी है रेस्क्यू 

वहीं तेज धार में बहे राकेश बंजारे के दोस्त मनीष कुर्रे ने बताया राकेश बहुत बहादुर है और हमेशा दूसरों की मदद के लिए तैयार रहता है. उसके दो छोटे बच्चे हैं, और वह अपने परिवार का मुख्य सहारा भी है.फिलहाल प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के आसपास सावधानी बरतने और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है. जबकि राकेश को ढूंढने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है. 

ये भी पढ़े छत्तीसगढ़: 48 करोड़ की सप्लाई में 1 करोड़ की GST चोरी! छापेमारी में हुआ बड़ा खुलासा

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com