विज्ञापन

दंतेवाड़ा में पेट्रोल-डीजल की भारी किल्लत, HPCL के 8 पंप पर नहीं मिल रहा, जानें कहां मिलेगा?

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में HPCL के करीब 8 पेट्रोल पंपों पर फ्यूल की आपूर्ति अस्थाई रूप से प्रभावित हो गई है. हालांकि जिन पेट्रोल-पंपों पर ईधन उपलब्ध हैं, प्रशासन ने उसकी सूची जारी कर दी है.

दंतेवाड़ा में पेट्रोल-डीजल की भारी किल्लत, HPCL के 8 पंप पर नहीं मिल रहा, जानें कहां मिलेगा?
दंतेवाड़ा में HPCL पंपों पर ईंधन की आपूर्ति अस्थायी रूप से बाधित

Dantewada Fuel Crisis: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के आम नागरिकों, किसानों, परिवहन संचालकों और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े संस्थानों के लिए बड़ी खबर है. यहां  हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के करीब 8 पेट्रोल पंपों पर फ्यूल की आपूर्ति अस्थाई रूप से प्रभावित हो गई है. इसकी जानकारी जिला प्रशासन ने दी है.

8 पेट्रोल पंपों पर नहीं मिल रहा पेट्रोल-डीजल 

जिला प्रशासन ने सूचित किया है कि हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के मुख्य आपूर्ति केंद्र से तकनीकी कारणों के चलते जिले के कुछ पेट्रोल और डीजल पंपों में ईंधन की सप्लाई अस्थायी रूप से बाधित हो गई है. प्रभावित होने वाले पंपों में मुख्य रूप से गीदम का दंतेश्वरी सर्विस सेंटर, बचेली का स्टार पेट्रोल पंप, दंतेवाड़ा के एस.आर. फ्यूल व जोगीसोरी फ्यूल, नकुलनार का भदावर फ्यूल, बारसूर का ॐ साईं राम पेट्रोलियम, जमावड़ा का गजलू गुरुजी पेट्रोलियम तथा कटेकल्याण का युगांत फ्यूल शामिल हैं.

नागरिकों से प्रशासन की अपील

कंपनी द्वारा आपूर्ति व्यवस्था को शीघ्र सामान्य करने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं और यथाशीघ्र पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने की कार्रवाई जारी है. इस बीच जिला प्रशासन ने कृषि कार्यों, शासकीय एवं अशासकीय संस्थानों, एम्बुलेंस सेवाओं, सार्वजनिक परिवहन और निर्माण कार्यों जैसी अत्यावश्यक सेवाओं के निर्बाध संचालन को ध्यान में रखते हुए नागरिकों से एक विशेष अपील की है. 

इन पंपों पर मिलेगा फ्यूल? 

प्रशासन ने कहा है कि आवश्यकता पड़ने पर नागरिक जिले में संचालित अन्य पेट्रोलियम कंपनियों के ईंधन विक्रय केंद्रों का उपयोग कर सकते हैं, जहां सुचारु रूप से ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है. वर्तमान में उपलब्ध वैकल्पिक केंद्रों में गीदम का सुनील एवं अशोक पेट्रोल पंप (BPCL), बचेली का ग्रेस फ्यूल (BPCL) व नंदराज फ्यूल्स (IOC), किरंदुल का के.ए. फ्यूल (BPCL) व बैलाडीला सर्विस स्टेशन (IBP), बालूद का एल.एन. फ्यूल (BPCL), नकुलनार का नायक देवल फ्यूल (BPCL), कारली का न्यू उजाला पुलिस पेट्रोल पंप (IOC), कटेकल्याण का मां दंतेश्वरी फ्यूल (IOC) तथा दंतेवाड़ा का मोडियम पेट्रोलियम (IOC) एवं मां दंतेश्वरी जिओ फ्यूल्स (जियो-बिपी) शामिल हैं. उन्होंने कहा कि ​अत्यावश्यक सेवाओं और कृषि कार्यों पर इस स्थिति का कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है. साथ ही संबंधित कंपनी के अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर ईंधन आपूर्ति को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं.

नागरिकों और उपभोक्ताओं से धैर्य रखने की अपील

प्रशासन ने सभी नागरिकों और उपभोक्ताओं से धैर्य रखने, अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण न करने तथा केवल आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल एवं डीजल क्रय करने का आग्रह किया है, ताकि सभी को समान रूप से ईंधन मिल सके. जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि मुख्य केंद्र से आपूर्ति व्यवस्था सामान्य होते ही संबंधित HPCL पेट्रोल पंपों में पुनः नियमित और सुचारु रूप से ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी जाएगी.

ये भी पढ़ें: रुपये दोगुने करने के नाम पर रीवा में करोड़ों की ठगी: दंपती ने भांजी को भी नहीं छोड़ा, 26 लोगों को बनाया शिकार

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close