विज्ञापन
This Article is From Sep 17, 2025

CM साय ने दीदी ई-रिक्शा योजना की बढ़ाई राशि, विश्वकर्मा जयंती पर श्रमवीरों को भी दी बड़ी सौगात

CM Vishnu Deo Sai on PM Modi Birthday: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित श्रमिक महासम्मेलन को संबोधित किया. उन्होंने श्रमिकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे समाज की रीढ़ हैं.

CM साय ने दीदी ई-रिक्शा योजना की बढ़ाई राशि, विश्वकर्मा जयंती पर श्रमवीरों को भी दी बड़ी सौगात

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित श्रमिक महासम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के निर्माण और विकास में श्रमवीरों की भूमिका अतुलनीय है. उन्होंने कहा कि श्रमवीर समाज की रीढ़ हैं और उनके योगदान से ही विकसित छत्तीसगढ़ तथा विकसित भारत का सपना साकार होगा.

मुख्यमंत्री साय ने श्रमिकों के परिश्रम और योगदान की सराहना करते हुए कहा कि श्रमवीरों के उत्साह और भागीदारी से प्रदेश वासियों के सपने पूरे होंगे. इस अवसर पर उन्होंने भगवान विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं. साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की.

Latest and Breaking News on NDTV

मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर के मेहनतकश श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया. उन्होंने घोषणा की कि दीदी ई-रिक्शा योजना (Didi E-Rikshaw Scheme) के तहत मिलने वाली सहायता राशि 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.50 लाख रुपये की जाएगी. इसी प्रकार मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक सहायता योजना के अंतर्गत श्रमिकों को मकान निर्माण के लिए दी जाने वाली सहायता राशि 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.50 लाख रुपये की जाएगी. साथ ही, पंजीकृत श्रमिकों की निशुल्क स्वास्थ्य जांच और इलाज का संपूर्ण खर्च अब श्रम विभाग द्वारा किया जाएगा.

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया. वहीं, बीते 11 वर्षों से प्रधानमंत्री जनहितैषी कार्यों से प्रदेश के विकास को नई गति दे रहे हैं. छत्तीसगढ़ की रजत जयंती पर हम सभी श्रमवीरों के परिश्रम को नमन करते हैं. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है, चाहे वह स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा हो या आवास और औजारों की सुविधा हो, सरकार हर कदम पर श्रमिकों के साथ खड़ी है.

सीएम साय ने बताया कि आज 1 लाख 84 हजार 220 श्रमिकों के खातों में श्रम विभाग की विभिन्न योजनाओं (दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना, मिनीमाता महतारी जतन योजना, निर्माण श्रमिक मजदूर सुरक्षा उपकरण सहायता योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना, छात्रवृत्ति योजना) के अंतर्गत 65 करोड़ 16 लाख 61 हजार रुपये से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से दी गई. 

उन्होंने कहा कि पारदर्शिता हमारी सरकार की पहचान है. किसानों और श्रमिकों का पैसा सीधे उनके खातों में पहुंच रहा है. पीएम मोदी के नेतृत्व में शुरू किए गए ई-श्रम पोर्टल से श्रमिकों को बड़ी राहत मिली है. अब अपंजीकृत श्रमिक की कार्यस्थल पर मृत्यु होने पर भी एक लाख रुपये की सहायता राशि का प्रावधान किया गया है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘श्रमेव जयते' वेबसाइट और हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है. उन्होंने शिक्षा पर जोर देते हुए ‘‘अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना'' और श्रमिकों के बच्चों के लिए आईआईटी, जेईई, नीट एवं सीए जैसी परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग योजनाओं का उल्लेख किया. उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली में यूपीएससी की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए ‘ट्राइबल हॉस्टल' की सीटें 50 से बढ़ाकर 185 कर दी गई हैं.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close