विज्ञापन

Weather Update: छत्तीसगढ़ में मॉनसून पर ब्रेक: 3 दिनों तक थमेगी बारिश,गरियाबंद-महासमुंद में बाढ़ जैसे हालात

छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के बाद अब मॉनसून पर ब्रेक लगने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 3 दिनों तक बारिश की गतिविधियां कमजोर रहेंगी. वहीं गरियाबंद में हाईवे पर पानी भरने से संपर्क टूट गया है और महासमुंद में बाढ़ के बीच फंसे मजदूरों का रेस्क्यू किया गया है. पढ़ें प्रदेश के मौसम का पूरा हाल.

Weather Update: छत्तीसगढ़ में मॉनसून पर ब्रेक: 3 दिनों तक थमेगी बारिश,गरियाबंद-महासमुंद में बाढ़ जैसे हालात

छत्तीसगढ़ में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश पर अब ब्रेक लगने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार से मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ गई हैं और शुक्रवार शाम तक बारिश पर लगभग विराम लग जाएगा. हालांकि किसानों के लिए राहत की बात यह है कि तीन से चार दिनों के बाद प्रदेश में एक बार फिर नया मौसम तंत्र बनने से मानसून सक्रिय होगा और बारिश का दौर वापस लौटेगा. NDTV से खास बातचीत में मौसम वैज्ञानिक गायत्री वाणी ने बताया कि अगले तीन दिनों तक प्रदेश भर में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कम रहेंगी. पिछले कुछ दिनों में राजधानी रायपुर समेत पूरे रायपुर संभाग में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है, हालांकि प्रदेश के स्तर पर अब भी सामान्य से करीब 6 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड हुई है.

गरियाबंद में 48 घंटे की बारिश से संपर्क टूटा, हाईवे पर लगा लंबा जाम

एक तरफ जहां मानसून कमजोर पड़ने वाला है, वहीं पिछले 48 घंटों से हुई मूसलाधार बारिश ने गरियाबंद जिले में भारी तबाही मचाई है. बारिश के चलते गरियाबंद जिला मुख्यालय का संपर्क राजधानी रायपुर से पूरी तरह से कट गया है.नेशनल हाईवे 130 पर पनटोरा और बारूका के पास सड़कों पर 8 से 10 फीट तक पानी बहने के कारण वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है. सड़क के दोनों किनारों पर कार, बस और व्यावसायिक गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं. मौके पर तैनात पुलिसकर्मी टेमन दुबे ने बताया कि पानी कम होने का इंतजार किया जा रहा है ताकि वाहनों की आवाजाही जल्द शुरू कराई जा सके. इस दौरान पानी के तेज बहाव में करीब 121 राहगीर फंसे हुए हैं, जिन्हें सुरक्षित निकालने और यातायात बहाल करने के लिए जिला प्रशासन जुटा हुआ है.
ये भी पढ़ें: दतिया उपचुनाव: 'नरोत्तम मिश्रा जैसे आतंकवादी को चुनाव हराया था'- पूर्व विधायक राजेंद्र भारती का विवादित बयान

महासमुंद में उफान पर आए नाले, खदान में फंसे दो श्रमिकों का सुरक्षित रेस्क्यू

उधर महासमुंद जिले में भी बीते एक हफ्ते से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं. महासमुंद तहसील क्षेत्र के ग्राम बम्हनी में सितली नाला में अचानक उफान आने से बड़ा हादसा होते-होते बचा. फर्शी खदान में काम करने के बाद रात में वहीं रुके दो मजदूर—संतोष साहू और दुकालु निषाद—बाढ़ के पानी के बीच घिर गए. बाढ़ आपदा कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही नगर सेना की 15 सदस्यीय बाढ़ बचाव दल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शाम से फंसे गरियाबंद निवासी दोनों मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
ये भी पढ़ें: MP Weather Today: आईएमडी ने देर रात जारी किया अलर्ट! भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत 20 से जिलों में भारी बारिश

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close