विज्ञापन
This Article is From Nov 04, 2025

CG Train Accident History: क्या यहां जोखिम भरा है ट्रेन का सफर? 2025 में अब-तक हुए कई हादसें; यहां जानें इतिहास

छत्तीसगढ़ में 2025 में लगातार हो रहे ट्रेन हादसों ने रेल यात्रा को खतरे में डाल दिया है. बिलासपुर-कोरबा टक्कर से लेकर मड़वारानी में पहिए में फंसा एंगल, ट्रैक पर बैठे युवकों की मौत और चलती ट्रेन में आग तक. आइए जानते हैं इतिहास...

CG Train Accident History: क्या यहां जोखिम भरा है ट्रेन का सफर? 2025 में अब-तक हुए कई हादसें; यहां जानें इतिहास

CG Train Accident History: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक ट्रेन हादसा हुआ. यहां कोरबा पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी टकरा गईं. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई डिब्बे क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और राहत दल मौके पर पहुंच गए. घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा जा रहा है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह पैसेंजर ट्रेन गेवरा से बिलासपुर जा रही थी, जबकि मालगाड़ी बिलासपुर से आ रही थी. इस हादसे ने एक बार फिर छत्तीसगढ़ में रेल सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

छत्तीसगढ़ में बार-बार हादसे 

छत्तीसगढ़ में ट्रेन हादसे कोई नई बात नहीं हैं. 2025 में अब तक तीन से ज्यादा रेल हादसे हो चुके हैं. हालांकि, इन हादसों में बड़ी जनहानि कम हुई है, लेकिन यह घटनाएं यात्रियों के लिए चिंता की बात जरूर हैं. हर बार रेलवे प्रशासन की लापरवाही या तकनीकी खामी को जिम्मेदार ठहराया जाता है, मगर हादसे रुक नहीं रहे.

ट्रेन के पहिए में फंसा लोहे का एंगल 

अक्टूबर 2025 में कोरबा जिले के मड़वारानी स्टेशन के पास एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया. छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस के पहियों के बीच अचानक एक भारी लोहे का एंगल फंस गया था. ट्रेन के रुकते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. रेलवे कर्मचारियों ने गैस कटर की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद एंगल को निकाला. जरा सी देर होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था.

रेलवे ट्रैक पर बैठे युवकों की गई जान

जून 2025 में दल्लीराजहरा-कुसुमकसा रेल्वे लाइन पर एक दर्दनाक हादसा हुआ. पांच युवक रेल पटरी के किनारे बैठे थे, तभी अचानक ट्रेन आ गई. थकान की वजह से चार युवक पटरी पर ही सो गए थे. ट्रेन आने पर कुछ ने भागने की कोशिश की, लेकिन दो की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा लोगों के लिए चेतावनी है कि लापरवाही कभी-कभी जानलेवा साबित हो सकती है.

ये भी पढ़ें- बिलासपुर में कोरबा पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी के बीच भीषण टक्कर, कई लोगों के मौत की आशंका

चलती ट्रेन में लगी आग, बाल-बाल बचे यात्री

अप्रैल 2025 में बीकानेर से बिलासपुर जा रही ट्रेन में अचानक आग लग गई. हादसा मध्य प्रदेश के उज्जैन के पास हुआ था. आग इतनी तेजी से फैली कि दो डिब्बे पूरी तरह जलकर खाक हो गए. हालांकि, फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया और किसी की जान नहीं गई. यह घटना भी दिखाती है कि ट्रेन सुरक्षा के इंतज़ामों में अभी भी कई खामियां हैं.

गलत सिग्नल से कोयला खदान में पहुंची ट्रेन 

मई 2025 में कोरबा जिले में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई. बिलासपुर से कोरबा जा रही मेमू लोकल ट्रेन गलत सिग्नल के चलते सीधा कोयला खदान की लोड साइडिंग पर पहुंच गई. यात्रियों को तब झटका लगा जब ट्रेन अपने तय स्टेशन की बजाय खदान के भीतर जा पहुंची. बाद में रेलवे ने तुरंत एक्शन लेते हुए ट्रेन को वापस बुलाया. यह लापरवाही किसी बड़े हादसे में बदल सकती थी.

ये भी पढ़ें- इंदौर कांग्रेस में घमासान! दिग्विजय सिंह को लेकर दो नेताओं की कथित ऑडियो लीक, भाजपा ने भी साधा निशाना

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com