छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमलीडीह स्थित महात्मा गांधी नगर गली नंबर 01 में रविवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया, जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं. यहां एक मासूम बच्चे की खेलते-खेलते दर्दनाक मौत हो गई.
छत पर खेलते-खेलते हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, डेढ़ साल का इराज साहू अपनी नानी के साथ घर की छत पर खेल रहा था. परिवार के मुताबिक, बच्चे की मां काम पर गई हुई थी और नानी उसकी देखभाल कर रही थी. खेल-खेल में इराज कब सीढ़ियों से नीचे उतर गया, इसका किसी को पता ही नहीं चला. इसी दौरान वह घर में बन रही पानी की टंकी के गड्ढे में जा गिरा.
तलाश के बाद टंकी में मिला मासूम
कुछ देर बाद जब बच्चे की आवाज नहीं आई तो परिजनों को शक हुआ. काफी तलाश के बाद जब उसे टंकी में देखा गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी. मासूम को तुरंत बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मोहल्ले में पसरा मातम
इस घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक की लहर फैल गई. हर कोई इस हादसे से स्तब्ध है और परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहा है. पड़ोसियों का कहना है कि इराज बेहद चंचल और प्यारा बच्चा था, जिसकी मुस्कान से पूरा मोहल्ला खिल उठता था.
यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर करता है कि घर में चल रहे निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा को लेकर जरा सी लापरवाही भी कितनी बड़ी त्रासदी में बदल सकती है. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
रायपुर से जुल्फ़िकार अली की रिपोर्ट