Wife Murder Case Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के एमसीबी (मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर) जिले के सोनवर्षा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चलता रहता था. घटना देर रात की बताई जा रही है, जब पूरे घर के लोग सो रहे थे. इसी दौरान पति ने कथित तौर पर टंगिया (लोहे का धारदार हथियार) से वार कर पत्नी की हत्या कर दी. इस वारदात से पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है, जबकि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है.
आधी रात की वारदात, घर में था सन्नाटा
यह सनसनीखेज घटना सोनवर्षा ग्राम पंचायत की है, जहां रात करीब 12 बजे यह वारदात हुई. परिजन उस समय गहरी नींद में थे. मृतका के भतीजे उदय चंद ने बताया कि अचानक दरवाजा खुलने की आवाज आई. जब वह उठा तो उसने देखा कि उसका मामा चप्पल पहनकर तेजी से घर से बाहर भाग रहा था.
शव देखकर परिवार के उड़े होश
उदय चंद को घटना पर शक हुआ, जिसके बाद उसने अपने भाई से मामी को देखने के लिए कहा. जब परिजन अंदर पहुंचे, तो महिला को खून से लथपथ हालत में पाया गया. उन्होंने जब उसे उठाने की कोशिश की, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
चरित्र पर संदेह बना विवाद की वजह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पति पुरनचंद अपनी पत्नी भगवंती के चरित्र पर शक करता था. इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था. घटना के दिन भी इसी मुद्दे पर झगड़ा हुआ, जिसने भयावह रूप ले लिया.
छोटी बात पर शुरू हुआ झगड़ा, हत्या तक पहुंचा मामला
बताया जा रहा है कि घटना से पहले दिन आरोपी अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बाहर गया था. रात में घर लौटने के बाद उसने पत्नी से खाना मांगा. पत्नी ने तबीयत खराब होने की बात कही, जिससे आरोपी गुस्से में आ गया. दोनों के बीच कहासुनी बढ़ी और आरोपी ने पहले पत्नी को थप्पड़ मारा. विरोध करने पर उसने पास में रखा टंगिया उठाकर उस पर हमला कर दिया.

Wife Murder Case Chhattisgarh: हत्या में प्रयुक्त हथियार
टंगिया से वार कर की हत्या
आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने पत्नी के सिर और शरीर पर टंगिया से कई वार किए. हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
घटना के बाद आरोपी फरार, फिर हिरासत में आया
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. सुबह होने पर परिजन थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी. पुलिस तुरंत गांव पहुंची और जांच शुरू की. बाद में आरोपी पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है.
पुलिस की टीम ने जुटाए साक्ष्य
थाना प्रभारी ओमप्रकाश दुबे के अनुसार, सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
हत्या के पीछे अन्य कारणों की भी जांच
पुलिस का कहना है कि हालांकि प्रारंभिक रूप से हत्या की वजह चरित्र शंका और पारिवारिक विवाद लग रही है, लेकिन अन्य पहलुओं से भी जांच की जा रही है. घटना के दौरान और पहले की परिस्थितियों को समझने के लिए परिजनों और आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं.
गांव में दहशत और शोक का माहौल
इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोग इस वारदात से स्तब्ध हैं और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. वहीं पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस मामले में आरोपी को जल्द न्यायालय में पेश कर कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी.
यह भी पढ़ें : CGPSC घोटाला: पूर्व सचिव जेके ध्रुव और अमृत खलको के घर ED-CBI का छापा; जानिए क्या है मामला?
यह भी पढ़ें : MP में HIV पर सियासत: कमलनाथ का हमला, कहा- 5 साल में 200+ संक्रमित बच्चे, 743 गर्भवती महिलाएं पॉजिटिव
यह भी पढ़ें : NEET पेपर लीक : डॉक्टर बनने का सपना टूटा; कर्ज में डूबे पिता की बेटी आकांक्षा ने फांसी लगाकर दी जान
यह भी पढ़ें : लिव-इन पार्टनर मर्डर केस: तेल मांगने पर युवक ने पेट्रोल डालकर युवती को जिंदा जलाया, मौत से पहले खोला राज