24 फरवरी को पेश होगा छत्तीसगढ़ का बजट! वित्त मंत्री चौधरी ने बताई बजट की थीम और विजन

छत्तीसगढ़ सरकार 24 फरवरी को अपना तीसरा बजट पेश करेगी. वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि इस बार बजट की थीम गुड गवर्नेंस, तेज इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, टेक्नोलॉजी और इंडस्ट्रियल ग्रोथ पर केंद्रित होगी.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Chhattisgarh Budget 2026: छत्तीसगढ़ सरकार 24 फरवरी को अपना अगला बजट पेश करने की तैयारी में है. वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बजट की थीम, विजन और दिशा को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की. उन्होंने बताया कि यह बजट राज्य को 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप आगे बढ़ाने पर केंद्रित होगा. बजट सत्र 23 फरवरी से शुरू होगा और अगले ही दिन सरकार अपना तीसरा बजट राज्य की जनता के सामने रखेगी.

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि बजट सत्र 23 फरवरी को शुरू होगा और 24 फरवरी को बजट पेश किए जाने की संभावना है. यह मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मौजूदा सरकार का तीसरा बजट होगा. उन्होंने याद दिलाया कि पहला बजट ज्ञान, गरीब, युवा, किसान और महिलाओं को समर्पित था, जबकि दूसरा बजट ‘गति' की रणनीति पर आधारित था.

नई थीम और विजन के साथ आगे बढ़ेगी सरकार

ओपी चौधरी ने कहा कि इस बार बजट गुड गवर्नेंस, इंफ्रास्ट्रक्चर में तेजी, टेक्नोलॉजी और इंडस्ट्रियल ग्रोथ जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर केंद्रित होगा. उन्होंने कहा कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य है और छत्तीसगढ़ भी उसी दिशा में काम करेगा. इसके लिए शॉर्ट-टर्म प्लानिंग के जरिए एक-एक कदम आगे बढ़ाया जाएगा.

कांग्रेस के सवालों पर वित्त मंत्री का पलटवार

वित्त मंत्री ने कहा कि कांग्रेस हर बार बजट पर सवाल उठाती है, लेकिन उनके आरोपों में तथ्य नहीं होते. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजीव गांधी न्याय योजना ने किसानों को सिर्फ भ्रमित किया, जबकि वर्तमान सरकार किसानों को दुगनी राशि एक साथ देती है. ओपी चौधरी ने यह भी कहा कि कांग्रेस ने माताओं को ₹500 प्रति माह देने का वादा किया था, लेकिन ₹5 तक नहीं दिए. जबकि उनकी सरकार हर साल 8,000 करोड़ रुपये माताओं पर खर्च कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सिर्फ राजनीति करती है और विष्णुदेव साय की सरकार उन्हें पच नहीं रही है.