विज्ञापन

प्रेमी युगल की आत्महत्या: एक ही कमरे में लगाई फांसी, दोनों की शादी की तैयारी में था परिवार

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में प्रेमी युगल की आत्महत्या का हृदयविदारक मामला सामने आया है. बारसूर क्षेत्र में युवक और उसकी नाबालिग प्रेमिका ने एक ही फंदे पर झूलकर जान दे दी. परिवार दोनों की शादी की तैयारी कर रहा था, लेकिन इस घटना से खुशियों का घर मातम में बदल गया.

प्रेमी युगल की आत्महत्या: एक ही कमरे में लगाई फांसी, दोनों की शादी की तैयारी में था परिवार

Lover Couple Suicide: दंतेवाड़ा जिले से आई यह खबर हर किसी को झकझोर देने वाली है. बारसूर थाना क्षेत्र में एक प्रेमी युगल ने एक साथ अपनी जान देकर पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया. जिन दो लोगों की शादी की तैयारियां घर में चल रही थीं, उन्हीं के जाने से खुशियों का घर मातम में बदल गया. एक ही फंदे पर झूलते मिले दोनों शवों ने कई सवाल छोड़े हैं, जिनके जवाब अब भी सामने नहीं आए हैं.

यह घटना बारसूर के वार्ड क्रमांक 04, टेमरुभाटा मोहल्ले की है. यहां रहने वाले युवक संजय पुजारी और उसकी नाबालिग प्रेमिका ने आत्महत्या कर ली. दोनों रिश्ते में थे और पिछले कुछ समय से युवक के घर पर साथ रह रहे थे. रविवार देर रात घर के एक कमरे में उन्होंने यह खौफनाक कदम उठा लिया.

सुबह दरवाजा नहीं खुला, तब हुआ शक

सोमवार सुबह जब घर के लोग उठे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला. काफी देर तक कोई आवाज या हलचल नहीं हुई. परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और दरवाजा खुलवाया गया. जैसे ही कमरा खुला, दोनों का शव एक ही खंभे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला. यह मंजर देखकर परिवार के लोग बदहवास हो गए.

पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही बारसूर पुलिस मौके पर पहुंची. परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई की गई. फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए. इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल दंतेवाड़ा भेजा गया.

शादी की तैयारी में था परिवार

परिजनों के मुताबिक, दोनों एक‑दूसरे से प्रेम करते थे और इस रिश्ते की जानकारी परिवार को भी थी. लड़की नाबालिग थी, लेकिन उसकी बालिग होने में सिर्फ 18 दिन बाकी थे. इसी को देखते हुए परिवार दोनों की शादी कराने की तैयारी कर रहा था. ऐसे में यह घटना सभी के लिए और भी चौंकाने वाली है.

आत्महत्या की वजह अब भी साफ नहीं

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दोनों ने ऐसा कदम क्यों उठाया. पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है. आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की वजह सामने आ सके. एडिशनल एसपी रामकुमार बर्मन ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी. मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है. सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com