विज्ञापन
This Article is From Mar 29, 2026

30 फीट की ऊंचाई से गिरकर 20 वर्षीय मजदूर की मौत, प्लांट में सुरक्षा लापरवाही पर सवाल

छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में बड़ा औद्योगिक हादसा सामने आया है. सिमगा ब्लॉक के केसदा स्थित स्वदेश मेटालिक प्लांट में 30 फीट की ऊंचाई से गिरने पर 20 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है.

30 फीट की ऊंचाई से गिरकर 20 वर्षीय मजदूर की मौत, प्लांट में सुरक्षा लापरवाही पर सवाल

Worker Dies Falling From Height: छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले से एक दर्दनाक औद्योगिक हादसे की खबर सामने आई है. सिमगा ब्लॉक के ग्राम केसदा स्थित स्वदेश मेटालिक प्लांट में काम के दौरान एक युवा मजदूर की जान चली गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. इस हादसे ने न सिर्फ एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि फैक्ट्री में सुरक्षा इंतजामों पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.

जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना उस समय हुई जब दो मजदूर प्लांट में करीब 30 फीट की ऊंचाई पर काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक करंट का झटका लगने से उनका संतुलन बिगड़ गया और दोनों नीचे गिर पड़े. यह गिरावट इतनी गंभीर थी कि एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई.

मृतक और घायल की पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले मजदूर की पहचान 20 वर्षीय वासुदेव ध्रुव के रूप में हुई है, जो ग्राम झिरिया का रहने वाला बताया जा रहा है. वहीं, उनका साथी परमेश्वर ध्रुव, जो इसी क्षेत्र का निवासी है, गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को तत्काल रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.

करंट लगने से बिगड़ा संतुलन

स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों मजदूर जब ऊंचाई पर काम कर रहे थे, तभी अचानक करंट फैलने की वजह से उन्हें जोरदार झटका लगा. इसी के चलते वे अपना संतुलन नहीं संभाल पाए और नीचे गिर गए. हादसा इतनी तेजी से हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला.

घटना के बाद पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई. अन्य मजदूर और कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन गया. हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

इस घटना के बाद आसपास के गांवों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है. ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट प्रबंधन मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है. उनका कहना है कि न तो पर्याप्त सुरक्षा उपकरण दिए जाते हैं और न ही काम के दौरान सुरक्षा नियमों का ठीक से पालन कराया जाता है.

जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा महज दुर्घटना था या फिर इसमें प्लांट प्रबंधन की लापरवाही जिम्मेदार है. ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com