Electricity Bill Saving Tips: गर्मी का मौसम शुरू होते ही बिजली की खपत तेजी से बढ़ने लगती है और इसका सीधा असर बिजली बिल पर पड़ता है. पंखे, कूलर, एसी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का अधिक उपयोग बिजली खर्च को कई गुना बढ़ा देता है. हालांकि थोड़ी‑सी सतर्कता और रोज़मर्रा की आदतों में छोटे बदलाव करके इस बढ़ते खर्च को काफी हद तक काबू में किया जा सकता है. एनर्जी सेक्टर के एक्सपर्ट्स का कहना है कि यदि उपभोक्ता बिजली का समझदारी से उपयोग करें और ऊर्जा‑संचय के आसान उपाय अपनाएं, तो हर महीने अच्छा‑खासा पैसा बचाया जा सकता है और अनावश्यक बिजली खपत भी रोकी जा सकती है.

Electricity Bill Saving Tips: गर्मी में ऐसे बचाएं बिजली के बिल
दिन के उजाले का करें पूरा इस्तेमाल
एक्सपर्ट बताते हैं कि दिन में सूर्य के प्राकृतिक प्रकाश का अधिकतम उपयोग करें. बेवजह लाइट और पंखे चालू न रखें. खासकर दफ्तरों में लंच टाइम, घर से बाहर जाते समय या कमरों से निकलते वक्त सभी लाइट, पंखे और कंप्यूटर मॉनिटर बंद करना एक आदत बना लें. थोड़ी देर के लिए बाहर जा रहे हों, तब भी उपकरण बंद करना जरूरी है.
एक साथ कई उपकरण चलाने से बचें
घर में बिजली के अधिक उपकरणों को एक साथ चलाने से न सिर्फ बिजली ज्यादा खर्च होती है, बल्कि वायरिंग पर भी दबाव बढ़ता है. इससे बिजली नुकसान (लाइन लॉस) बढ़ जाता है. बेहतर है कि जरूरत के अनुसार उपकरणों का इस्तेमाल किया जाए.
लाइटिंग पर होती है बड़ी खपत
एक्सपर्ट्स द्वारा बताए गए आंकड़ों के मुताबिक, घरों की कुल सालाना बिजली खपत का लगभग 9 प्रतिशत सिर्फ रोशनी पर खर्च होता है. अगर लाइटों का उपयोग जरूरत के समय ही किया जाए, तो कुल बिजली खर्च में करीब 20 प्रतिशत तक की कमी की जा सकती है.
स्टार रेटेड उपकरण अपनाएं
ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी (BEE) द्वारा प्रमाणित कम से कम तीन स्टार रेटिंग वाले उपकरण खरीदना फायदेमंद है. सस्ते और बिना रेटिंग वाले उपकरण शुरू में तो किफायती लगते हैं, लेकिन लंबे समय में ये ज्यादा बिजली खपत करते हैं और महंगे साबित होते हैं.
TV और इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण स्टैंडबाय पर न रखें
टीवी, सेट‑टॉप बॉक्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को स्टैंडबाय मोड पर रखने से भी बिजली खर्च होती रहती है. इन्हें पूरी तरह बंद रखने से साल में करीब 70 यूनिट तक बिजली की बचत संभव है.
PC का सही इस्तेमाल जरूरी
कंप्यूटर और प्रिंटर को स्लीप मोड में रखने से लगभग 40 प्रतिशत ऊर्जा की बचत हो सकती है. पारंपरिक सीआरटी की जगह एलईडी मॉनिटर का इस्तेमाल करें. अगर कंप्यूटर चालू रखना जरूरी हो, तो मॉनिटर जरूर बंद रखें, क्योंकि यही सबसे ज्यादा बिजली खपत करता है.
LED बल्ब हैं सबसे बेहतर विकल्प
एलईडी बल्ब आज ऊर्जा बचत का सबसे अच्छा साधन हैं. 40 वॉट के सामान्य बल्ब के बराबर रोशनी पाने के लिए केवल 4 से 5 वॉट का एलईडी बल्ब काफी होता है. ये लंबे समय तक चलते हैं, कम गर्म होते हैं और बार‑बार ऑन‑ऑफ करने से खराब भी नहीं होते.
रूफ टॉप सोलर से मिलेगी लंबी राहत
घर की छत पर रूफ टॉप सोलर पैनल लगाकर बिजली बिल में स्थायी राहत पाई जा सकती है. 1 से 5 किलोवॉट क्षमता का सोलर सिस्टम सामान्य घरों के लिए पर्याप्त होता है. इससे बिजली खर्च कम होता है और पर्यावरण को भी फायदा पहुंचता है.
फ्रिज और AC का सही इस्तेमाल
फ्रिज को दीवार या धूप वाली जगह से दूर रखें. इसके पीछे जमी धूल साफ करते रहें और समय-समय पर डीफ्रॉस्टिंग करें. एसी को 26 डिग्री सेल्सियस पर चलाने से बेहतर कूलिंग और कम बिजली खर्च मिलता है. साफ एयर फिल्टर, टाइमर का उपयोग और घर के आसपास हरियाली भी बिजली बचाने में मददगार साबित होती है.
यह भी पढ़ें : Power Saving Tips: गर्मी के मौसम में बिजली बिल कम करने के कुछ असान तरीके, जानिए MPEB की टिप्स
यह भी पढ़ें : Electricity Bill Payment: अब डाकघर में भी जमा होंगे बिजली बिल; इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक में भुगतान शुरू
यह भी पढ़ें : Sambal Yojana: मात्र 5 रुपये में मिल रहा बिजली कनेक्शन; MP के इतने श्रमिकों ने उठाया लाभ, जानिए क्या है योजना
यह भी पढ़ें : Hanuman Jayanti 2026: 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव; संकट कटेंगे, जानिए शुभ मुहूर्त, पूजा विधि व प्रसिद्ध मंदिर