मध्य प्रदेश के सतना जिले से शुक्रवार रात एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां किराए के कमरे में एक युवक ने पहले युवती की हत्या की और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. दोनों के शव किराए के कमरे के अंदर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही सीएसपी देवेंद्र सिंह, कोलगवां थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई. माना जा रहा है कि दोनों प्रेमी युगल थे और युवक ने हत्या के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली. हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
पुलिस के अनुसार, रीवा जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र के बेला गांव निवासी अंकितेश गौतम निजी कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई कर रहा है. वह सतना जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र के बढ़इया मोहल्ला में किराए का कमरा लेकर रह रहा था. करीब ढाई महीने से उसका बड़ा भाई अम्बिकेश गौतम पिता रामकलेश गौतम भी उसके साथ रह रहा था. अम्बिकेश नागौद स्थित सीएनजी प्लांट में इलेक्ट्रीशियन का काम करता था.
अंकितेश शुक्रवार रात करीब 9 बजे जब कमरे पर लौटा तो घर में बाहर से ताला लगा था. खिड़की खुली होने पर उसने अंदर झांककर देखा तो उसका भाई फांसी के फंदे पर लटका हुआ दिखाई दिया. इसके बाद मकान मालिक को बुलाकर दरवाजा तोड़ा गया. कमरे के भीतर एक युवती का भी शव जमीन पर पड़ा मिला. घटना की जानकारी मिलते ही देर रात कोलगवां थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची.
सिर पर मिले चोट के निशान
जांच के दौरान युवती के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले. पुलिस का कहना है कि सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने के कारण उसकी मौत हुई है. मौके से हत्या में इस्तेमाल हथियार की तलाश की जा रही है. सीएसपी देवेन्द्र प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हो रहा है कि अम्बिकेश ने युवती की हत्या करने के बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या की. पुलिस मकान मालिक और परिजनों से पूछताछ कर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.
देवलौंद में टीचर थी मृतका
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पास में रहने वाले एक बैंक कर्मचारी ने बताया कि गुरुवार रात करीब 10:30 बजे अम्बिकेश एक युवती को अपने कमरे में लेकर आया था. इसके बाद वह कमरे से बाहर नहीं निकला. वहीं, उसका छोटा भाई लगातार फोन कर रहा था, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हो रही थी. एफएसएल टीम द्वारा कमरे और मृतकों के सामान की जांच के दौरान मिले दस्तावेजों के आधार पर मृत युवती की पहचान पूनम अहिरवार (29) पिता शिव कुमार अहिरवार निवासी कोतमा के रूप में हुई है. वह देवलोंद स्थित शासकीय स्कूल में वर्ग-एक शिक्षिका के पद पर पदस्थ थी.
मोबाइल से खुलेगा राज
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि पूनम और अम्बिकेश के बीच क्या संबंध था और दोनों की पहचान कैसे हुई. जांच के दौरान मृत युवती के पास से अनूपपुर से इंदौर जाने का रेल टिकट भी मिला है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह इंदौर जाने के बजाय सतना क्यों आई थी. दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं और उनकी कॉल डिटेल व चैट की जांच की जा रही है. पुलिस का मानना है कि मोबाइल से घटना से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं.