विज्ञापन
This Article is From Apr 05, 2026

टाइगर स्टेट MP से गुड न्यूज़: सफेद टाइगर ‘मीरा’ ने 3 शावकों को दिया जन्म, 2 रॉयल बंगाल और 1 सफेद

White Tiger Birth News: ग्वालियर के गांधी प्राणी उद्यान में सफेद टाइगर ‘मीरा’ ने तीन शावकों को जन्म दिया, जिससे चिड़ियाघर में टाइगरों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है.

टाइगर स्टेट MP से गुड न्यूज़: सफेद टाइगर ‘मीरा’ ने 3 शावकों को दिया जन्म, 2 रॉयल बंगाल और 1 सफेद

मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित गांधी प्राणी उद्यान से वन्यजीव प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. टाइगर स्टेट के रूप में पहचान रखने वाले प्रदेश में एक बार फिर बाघों की संख्या बढ़ने का सकारात्मक संकेत मिला है. चिड़ियाघर में मादा सफेद टाइगर ‘मीरा' ने 5 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 2 बजे तीन स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है.

दो रॉयल बंगाल, एक सफेद शावक

चिड़ियाघर प्रभारी डॉ उपेंद्र यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि जन्मे तीन शावकों में दो पीले (रॉयल बंगाल टाइगर) और एक सफेद टाइगर शामिल है. इस नए जन्म के साथ ही गांधी प्राणी उद्यान में टाइगरों की कुल संख्या बढ़कर 10 हो गई है. इनमें 4 सफेद और 6 रॉयल बंगाल टाइगर हैं, जो चिड़ियाघर के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.

मां और शावक पूरी तरह स्वस्थ

जू क्यूरेटर गौरव परिहार के अनुसार, मादा टाइगर ‘मीरा' और उसके तीनों शावक पूरी तरह स्वस्थ हैं. जन्म के बाद ‘मीरा' को फिलहाल हल्का और संतुलित आहार दिया जा रहा है ताकि उसकी रिकवरी बेहतर तरीके से हो सके. शावकों की गतिविधियों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है.

आइसोलेशन और सख्त निगरानी

नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देश पर चिड़ियाघर प्रशासन को नवजात शावकों की विशेष देखभाल और निगरानी के निर्देश दिए गए हैं. तय प्रोटोकॉल के तहत शावकों को कुछ समय के लिए आइसोलेशन में रखा जाएगा, जिससे उन्हें किसी भी संक्रमण से सुरक्षित रखा जा सके. साथ ही उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच भी सुनिश्चित की जा रही है.

संरक्षण की दिशा में अहम कदम

केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण के सभी स्वास्थ्य और सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा है. विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की सफल ब्रीडिंग न केवल चिड़ियाघर की उपलब्धि है, बल्कि यह वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों को भी मजबूती देती है.

मध्य प्रदेश पहले ही देश में टाइगरों की सबसे ज्यादा संख्या वाला राज्य है, ऐसे में ग्वालियर के गांधी प्राणी उद्यान में शावकों का जन्म वन्यजीव प्रेमियों के लिए उत्साह और गर्व का विषय बन गया है.  

यह भी पढ़ें- भोपाल विजय मेवाड़ा हत्याकांड: गैंगस्टर आसिफ के खुलासे, सलमान लाला और महंगी बिल्लियों से क्या कनेक्शन?

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com