विज्ञापन

वैलेंटाइन डे पर टूटने से बचा रिश्ता; तलाक लेने कोर्ट पहुंचे डॉक्टर और इंजीनियर दंपति, जज की समझाइश पर माने

इंदौर फैमिली कोर्ट में वैलेंटाइन डे के दिन तलाक लेने पहुंचे डॉक्टर और इंजीनियर दंपति के रिश्ते में नई शुरुआत हुई. जज आरके जैन की समझाइश और काउंसलिंग के बाद दोनों ने पुरानी बातों को भूलकर साथ रहने का फैसला किया और तलाक की याचिका वापस ले ली.

वैलेंटाइन डे पर टूटने से बचा रिश्ता; तलाक लेने कोर्ट पहुंचे डॉक्टर और इंजीनियर दंपति, जज की समझाइश पर माने

Valentine's Day 2026: वैलेंटाइन डे आमतौर पर प्यार का जश्न मनाने का दिन माना जाता है, लेकिन इंदौर में यही दिन एक ऐसे रिश्ते की नई शुरुआत बन गया जो टूटने की कगार पर था. फैमिली कोर्ट पहुंचे एक डॉक्टर और इंजीनियर दंपति तलाक लेने आए थे, लेकिन कुछ ही घंटों की बातचीत और समझाइश के बाद वे साथ-साथ कोर्ट से लौटे.  

तलाक लेने पहुंचे थे डॉक्टर–इंजीनियर दंपति

फैनीली कोर्ट इंदौर में यह मामला तब पहुंचा, जब पेशे से डॉक्टर पति ने अपनी आईटी सेक्टर में काम करने वाली इंजीनियर पत्नी के खिलाफ शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए विवाह विच्छेद (तलाक) की याचिका दायर की. मामला काफी समय से कुटुम्ब न्यायालय में विचाराधीन था और 14 फरवरी को दोनों पक्षों को अदालत में पेश होना था.

जज ने  कहा- पुरानी बातें भूलकर आगे बढ़ें

सुनवाई के दौरान न्यायाधीश आरके जैन ने दोनों की काउंसलिंग की. उन्होंने धीरे-धीरे बातचीत करते हुए दंपति को समझाया कि जीवन लंबा है और हर रिश्ते में उतार-चढ़ाव आते हैं. अगर इच्छा हो तो पुरानी बातों को पीछे छोड़कर नया अध्याय शुरू किया जा सकता है. अदालत ने मीडिएशन और संवाद के जरिए रिश्ते को एक मौका देने पर जोर दिया.

फैमिली कोर्ट की पहल रंग लाई 

बातचीत और काउंसलिंग का असर दिखा. पति-पत्नी दोनों ही रिश्ते को सुधारने के लिए तैयार हुए और अदालत में ही अपनी तलाक याचिका वापस लेने का फैसला किया. कोर्ट ने मामला निराकृत कर उसे समाप्त कर दिया. यह फैसला न सिर्फ दोनों के लिए, बल्कि उनके परिवारों के लिए भी राहत भरा था.

वैलेंटाइन डे पर कोर्ट परिसर में नई शुरुआत

एडवोकेट रूपाली राठौर ने बताया कि फैमिली कोर्ट में प्राथमिक स्तर पर दंपतियों को परामर्श देकर परिवार टूटने से बचाने की कोशिश की जाती है. इस मामले में भी यही प्रयास सफल रहा. वैलेंटाइन डे के दिन ही कोर्ट परिसर में पति-पत्नी ने एक-दूसरे को गुलाब और मिठाई देकर नई शुरुआत का वादा किया. जो दिन तलाक का फैसला लेकर आ सकता था, वही दिन उनके रिश्ते का पुनर्जन्म बन गया.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close