यौन शोषण आरोपों में घिरे उत्तम स्वामी हुए अंडरग्राउंड? बोले-तबीयत खराब है, नहीं कर पाएंगे कथा वाचन 

उत्तम स्वामी पर राजस्थान की एक युवती ने यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं. आरोप सामने आने के बाद स्वामी मध्‍य प्रदेश के जबलपुर में हो रही कथा के पंडाल में नहीं पहुंचे और कार्यक्रम प्रभावित हुआ. पुलिस मामले पर नजर रखे हुए है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

uttam swami case: यौन शोषण के गंभीर आरोपों में घिरे कथावाचक उत्तम स्वामी इन दिनों मध्‍य प्रदेश के जबलपुर के नजदीकी ग्राम सहजपुर, भेड़ाघाट क्षेत्र में कथा वाचन कर रहे थे. आरोप सार्वजनिक होने के बाद कथा कार्यक्रम पर असर साफ दिखाई दिया. वे अचानक गायब हो गए. 

बताया जा रहा है कि गुरुवार तक कथा सामान्य रूप से चल रही थी, लेकिन यौन शोषण  के आरोप का मामला सामने आने के बाद शुक्रवार को स्वामी पंडाल में नहीं पहुंचे और निर्धारित कथा वाचन नहीं हुआ. सुबह से ही पंडाल परिसर में मीडिया और पुलिस की मौजूदगी बढ़ गई थी. आयोजकों द्वारा लगातार घोषणा की जाती रही कि उत्तम स्वामी थोड़ी देर में कथा सुनाने आएंगे. दोपहर बाद यह सूचना दी गई कि स्वामी का स्वास्थ्य खराब है, इसलिए कथा वाचन एक अन्य स्वामी द्वारा किया गया. 

Advertisement

uttam swami katha vachak jabalpur madhya pradesh

उत्तम स्वामी आरोप क्या हैं?

राजस्थान निवासी एक युवती ने कथावाचक उत्तम स्वामी पर दुष्कर्म और दीर्घकालीन यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़िता ने दिल्ली पुलिस को ई-मेल भेजकर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू करने और स्वयं व अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है.

युवती का आरोप है कि आरोपी ने कई वर्षों तक अलग-अलग स्थानों पर उसका शोषण किया. उसका दावा है कि जब वह नाबालिग थी, उसी समय से यौन उत्पीड़न की शुरुआत हुई. धर्म और आस्था की आड़ में कई बार दुष्कर्म किए जाने का भी आरोप लगाया गया है. पीड़िता के अनुसार, शिकायत और कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जानकारी मिलते ही उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं. 

भक्तों में मतभेद

कथा स्थल सहजपुर, भेड़ाघाट में पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच इस मामले को लेकर मतभेद देखने को मिले. कुछ भक्त आरोपों को निराधार बताते हुए स्वामी के समर्थन में नजर आए. वहीं अन्य लोगों का कहना है कि स्वामी को सामने आकर सार्वजनिक रूप से सफाई देनी चाहिए.

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कथावाचक आगामी दिनों में कथा वाचन जारी रखेंगे या नहीं. आयोजक भी स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार कर रहे हैं. मामला सामने आने के बाद क्षेत्र सहित जबलपुर में चर्चाएं तेज हो गई हैं, जबकि पुलिस और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं. 

Advertisement

उत्तम स्वामी कौन हैं? 

यौन शोषण के गंभीर आरोपों का सामना करने वाले उत्‍तम स्‍वामी मूलरूप से महाराष्ट्र के अमरावती के रहने वाले हैं. अमरावती में जन्‍म के बाद ही इनकी रुच‍ि कथावाचन में हो गई थी. वर्तमान में उत्तम स्वामी को ईश्वरानंद जी महाराज के नाम से भी जाना जाता है. ये एक प्रसिद्ध भारतीय कथावाचक और श्री पंच अग्नि अखाड़े के महामंडलेश्वर हैं. उत्‍तम स्वामी का मुख्य कार्यक्षेत्र राजस्थान का बांसवाड़ा और मध्य प्रदेश का जबलपुर (भेड़ाघाट) है.