चलती ट्रेन के टॉयलेट में मिला नवजात, बुरी तरह कांप रहा था, यात्री ने गेट खोला तो रह गया दंग; उत्कल एक्सप्रेस की घटना

रेलवे पुलिस घटना की जांच कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को टॉयलेट में किसने छोड़ा. उसकी पहचान के लिए यात्री चार्ट और सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं. नवजात का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

मध्य प्रदेश के कटनी मुड़वारा जंक्शन पर उत्कल एक्सप्रेस के टॉयलेट में लावारिस हालत में एक नवजात शिशु मिला. अंगोछे में अर्धनग्न हालत में लिपटे पड़े नवजात को देखकर यात्रियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. नवजात टॉयलेट के पर्स पर पड़ा कांप रहा था. मौके पर पहुंची जीआरपी ने उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां गहन शिशु इकाई (SNCU) में उसका इलाज चल रहा है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस  यात्रियों के चार्ट और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात को किसने छोड़ा.

कोच नंबर S-4 की टॉयलेट में पड़ा था नवजात   

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा ने बताया कि रिववार 30 मार्च 2026 की सुबह उत्कल एक्सप्रेस के कोच नंबर S-4 में सफर कर रहा एक यात्री टॉयलेट गया. उसने जैसे ही दरवाजा खोला तो फर्श पर एक नवजात शिशु लावारिस हालत में पड़ा था. उसने घटना की जानकारी अन्य यात्रियों को दी, इसके बाद कुछ देर के लिए कोच में अफरा-तफरी मच गई.

Advertisement

नवजात का चल रहा इलाज 

इसके बाद यात्रियों ने तुरंत रेल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और नवजात को उठाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया. स्पेशल केयर न्यूबॉर्न यूनिट में रखकर नवजात का इलाज किया जा रहा है. फिलहाल, उसकी हालत स्थिर है. 

सीसीटीवी और यात्री चार्ट खंगाल रही पुलिस 

रेलवे पुलिस घटना की जांच कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात को टॉयलेट में किसने छोड़ा. उसकी पहचान के लिए यात्री चार्ट और सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं.