Ujjain Toll Plaza Attack Video: उज्जैन में टोल टैक्स को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद कुछ ही मिनटों में हिंसा में बदल गया, जब करणी सेना से जुड़े कुछ लोगों ने टोल नाके पर लाठी‑डंडों से हमला कर तोड़फोड़ कर दी. बीच सड़क पर हुई इस मारपीट और तोड़फोड़ का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने दबिश देकर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
बिना टोल दिए जाने पर शुरू हुआ विवाद
घटना रविवार रात गरोठ रोड नेशनल हाइवे पर तुलाहेड़ा टोल प्लाजा की है. कार चालक मोहनसिंह चौहान, जो पिपलिया हामा के निवासी और करणी सेना से जुड़े बताए जाते हैं, बिना शुल्क दिए निकलने की कोशिश कर रहे थे. इस पर टोल कर्मचारियों ने रोक लगाई, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया और मारपीट की नौबत आ गई. पुलिस ने उस समय दोनों पक्षों पर केस दर्ज कर लिया था.
टोल नाके पर लाठी‑डंडों से हमला
विवाद की खबर फैलते ही करीब आधा दर्जन युवक लाठी, पाइप और डंडे लेकर टोल प्लाजा पहुंच गए. उन्होंने कर्मचारियों को पीटा और जमकर तोड़फोड़ की. सीसीटीवी कैमरों में यह पूरा हमला कैद हो गया, जिसमें युवक चेहरे ढके हुए और हेलमेट पहने हुए दिखाई दिए. वीडियो में टोल का स्टॉपर, कैमरे, कंप्यूटर और अन्य सामान तोड़ते हुए भी आरोपी साफ नजर आ रहे हैं.
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान
घटटिया थाना प्रभारी करण कुंवाल के अनुसार, घटना में कुल तीन अलग‑अलग मामले दर्ज किए गए हैं. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई और पुलिस ने मोहनसिंह चौहान, देवेंद्र सिंह (इंद्रानगर), कुलदीप सिंह (राघवी), गोपाल चौधरी (जेथल), अरुण बैरागी (जेथल), रोहित चौधरी (जेथल) सहित आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. दो अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है.