विज्ञापन

सिंहस्थ 2028 की तैयारी तेज: उज्जैन के बेगमबाग में 16 अतिक्रमण ध्वस्त, हरिफाटक ब्रिज चौड़ीकरण को मिलेगी रफ्तार

सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन के बेगमबाग क्षेत्र में 16 अतिक्रमण हटाए. हरिफाटक ब्रिज चौड़ीकरण परियोजना को गति देने के लिए यूडीए, प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई की. महाकाल मंदिर तक बेहतर कनेक्टिविटी, यातायात सुधार और सिंहस्थ मेले की व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने की दिशा में यह बड़ा कदम माना जा रहा है.

सिंहस्थ 2028 की तैयारी तेज: उज्जैन के बेगमबाग में 16 अतिक्रमण ध्वस्त, हरिफाटक ब्रिज चौड़ीकरण को मिलेगी रफ्तार

उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों ने अब ज़मीन पर रफ्तार पकड़ ली है. शहर के महत्वपूर्ण हरिफाटक ब्रिज के चौड़ीकरण के लिए शनिवार सुबह बेगमबाग इलाके में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 से 16 अतिक्रमणकारी स्ट्रक्चर्स को हटाना शुरू किया. भारी पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारियों और पोकलेन मशीनों की मौजूदगी में चल रही इस कार्रवाई का उद्देश्य सिंहस्थ से पहले यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और महाकाल मंदिर तक पहुंच को अधिक सुगम बनाना है. प्रशासन का कहना है कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने और लीज निरस्त होने के बाद ही यह कदम उठाया गया है.

शिवेंद्र परमार की रिपोर्ट...

बेगमबाग में सुबह से शुरू हुई कार्रवाई

शनिवार सुबह करीब 8 बजे बेगमबाग क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई. उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए), जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया. क्षेत्र में पहले से सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने.

15 से 16 स्ट्रक्चर्स को माना गया अतिक्रमण

यूडीए अधिकारियों के अनुसार, जिन स्ट्रक्चर्स पर कार्रवाई की जा रही है, उनकी लीज पहले ही निरस्त की जा चुकी थी. इसके बाद मामले से जुड़ी न्यायिक प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है. किसी प्रकार का स्थगन आदेश नहीं होने के कारण प्रशासन ने इन्हें अतिक्रमण मानते हुए हटाने की कार्रवाई शुरू की. अधिकारियों का कहना है कि पूरी प्रक्रिया नियमानुसार की जा रही है.

पांच पोकलेन मशीनों और डंपरों की मदद से कार्रवाई

अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर करीब पांच पोकलेन मशीनें और कई डंपर लगाए गए हैं. कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे. इसके अलावा तीन से चार डीएसपी, मजिस्ट्रेट स्तर के अधिकारी और उज्जैन विकास प्राधिकरण के इंजीनियर लगातार पूरे अभियान की निगरानी करते रहे.

डेढ़ साल में 72 स्ट्रक्चर्स पहले भी हटाए जा चुके

यूडीए के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप सोनी ने बताया कि पिछले लगभग डेढ़ वर्ष के दौरान लीज की शर्तों का उल्लंघन करने वाले करीब 72 स्ट्रक्चर्स पर पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है. शनिवार को 15 से 16 अन्य संरचनाओं को हटाया जा रहा है. प्रशासन का कहना है कि विकास कार्यों में बाधा बनने वाले अतिक्रमणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.

हरिफाटक ब्रिज चौड़ीकरण को मिलेगा फायदा

अधिकारियों के मुताबिक, अतिक्रमण हटने के बाद संबंधित जमीन पर कब्जा लेकर हरिफाटक ब्रिज चौड़ीकरण का काम तेज किया जाएगा. यह सड़क आगे महाकाल मंदिर की दिशा में जाएगी, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था और कनेक्टिविटी दोनों में सुधार होगा. सिंहस्थ 2028 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के उज्जैन पहुंचने की संभावना को देखते हुए यह परियोजना काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

सिंहस्थ को लेकर प्रशासन का फोकस

सिंहस्थ 2028 को सफल और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन सड़क चौड़ीकरण, यातायात सुधार और अतिक्रमण हटाने जैसे कार्यों पर विशेष ध्यान दे रहा है. हरिफाटक ब्रिज क्षेत्र में चल रही यह कार्रवाई भी उसी तैयारी का हिस्सा है, ताकि आने वाले वर्षों में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close