मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक मुस्लिम युवक ने धर्म परिवर्तन कर सनातन धर्म अपना लिया है. इसके बाद वह सलमान खान से 'शांतनु कश्यप' बन गया. उसने उज्जैन में शिप्रा नदी के गंगाघाट पर विधि-विधान से धर्म परिवर्तन किया. साथ ही उसने कोर्ट में भी इस संबंध में आवेदन देने का दावा किया है. मामला हाल ही का होने के कारण मुस्लिम समाज की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
आगर रोड स्थित मोहन नगर निवासी सलमान खान पेशे से कारीगर है. वह रविवार को बजरंग दल कार्यकर्ताओं के साथ गंगाघाट पहुंचा. यहाँ सनातन धर्म अपनाने की इच्छा जाहिर करने पर महामंडलेश्वर सुमनानंद महाराज ने मंत्रोच्चार के साथ उसे शिप्रा नदी के गंगाघाट पर स्नान करवाया. इसके पश्चात विधि-विधान से सनातन धर्म ग्रहण करवाकर उसका नाम 'शांतनु कश्यप' रख दिया गया.
काफी समय से सनातन धर्म से जुड़ाव
इस संबंध में सुमनानंद जी महाराज ने बताया कि युवक काफी समय से सनातन धर्म को मान रहा है. जब उसने हिंदू बनने की इच्छा जाहिर की, तो उसे विधि-विधान से सनातन धर्म ग्रहण करवाया गया और उसका नाम शांतनु कश्यप रख दिया गया.
'जय श्री महाकाल' का किया उद्घोष
सलमान से शांतनु बने युवक ने मीडिया से बातचीत करने से पहले 'जय श्री महाकाल' का जयकारा लगाया. उसने बताया कि उसके परिवार में माता-पिता और भाई-बहन सभी हैं. वह कई वर्षों से सनातन धर्म को मानता आया है. उसकी इच्छा सनातन धर्म ग्रहण करने की थी, इसलिए उसने पहले कोर्ट में आवेदन दिया और फिर बजरंग दल के सहयोग से आज धर्म परिवर्तन कर सनातनी बन गया. युवक ने यह भी कहा कि यदि भविष्य में उसे कुछ होता है, तो उसका जिम्मेदार मुस्लिम समाज होगा.
यह भी पढ़ें- मनीष पटेल के जेल जाने के बाद रील वाइफ अमृता सिंह की जान पर बन आई! कौन दे रहा धमकी?