विज्ञापन

ग्वालियर में 24 घंटे में 2 नव विवाहिताओं की मौत से सनसनी, एक ने मोबाइल का रीचार्ज नहीं कराने पर लगाई फांसी

घोसीपुरा में 23 साल की सोनम ने 20 मई की शाम फांसी लगा ली. सोनम मुरैना के फूलपुरा की रहने वाली थी और 11 फरवरी को निखिल रजक से शादी हुई थी. परिजनों के मुताबिक सोनम का मोबाइल रिचार्ज खत्म हो गया था.

ग्वालियर में 24 घंटे में 2 नव विवाहिताओं की मौत से सनसनी, एक ने मोबाइल का रीचार्ज नहीं कराने पर लगाई फांसी

मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में बीते चौबीस घंटे में दो नव विवाहिताओं ने फांसी लगाकर संदिग्ध परिस्थितियों में जान दे दी. दोनों घटनाएं मुरार इलाके में हुई हैं. दोनों की हाल ही में शादी हुई थी. इस घटना से थाना क्षेत्र में लोग चौंक गए हैं कि नवविवाहित महिलाओं ने मौत का रास्ता क्यों चुना.

पहला मामला

मुरार के घोसीपुरा में भी बुधवार को नव विवाहित सोनम (23) ने 20 मई की शाम फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. सोनम मुरैना के फूलपुरा रहने वाली थी और 11 फरवरी घोसीपुरा मुरार निवासी निखिल पुत्र संतोष कुमार रजक के साथ शादी हुई थी. बताया गया है कि सोनम का मोबाइल रिचार्ज खत्म हो गया था.

इस पर उसने पति से मोबाइल रिचार्ज के लिए कहा था, उसने मोबाइल रिचार्ज नहीं कराया तो सोनम ने खुद को कमरे में बंद कर लिया. कुछ देर कमरे का दरवाजा न खुलने पर पति ने मोबाइल रिचार्ज कर उसे फोन किया, लेकिन फोन उठा नहीं. इसके बाद परिजन गेट तोड़कर अंदर गए तो वह फांसी पर लटकी हुई थी. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.

दूसरा मामला

गेरू वाला बंगला बारादरी चौराहा निवासी मेघा उर्फ ज्योति तोमर (24) की शादी 25 अप्रैल को पिंटो पार्क कुंज विहार कॉलोनी निवासी सिद्धार्थ कांदिल के साथ हुई थी. शादी के 4-5 दिन बाद ही वह ससुराल से मायके आ गई थी और तभी से वहीं रह रही थी. मेघा के पिता रिश्तेदार के यहां गमी में शामिल होने गए थे. इसी दौरान घर में मौजूद मां गीता बाथरूम गई तो देखा कि बेटी का शव फंदे से लटका हुआ है. मां ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया तो वह तुरंत जेएएच अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मेघा के परिजनों ने उसके पति पर दहेज मांगने और मारने का आरोप लगाया है.

नहीं मिला कोई सुसाइड नोट

घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और उसने घटनास्थल कमरे की गहनता से जांच की, लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ. इस कारण आत्महत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है और मामला संदिग्ध बना हुआ है. पुलिस ने मौके से मृतका का मोबाइल जब्त कर लिया है.

पुलिस महिला की कॉल डिटेल और चैट की जांच कर रही है, ताकि घटना से पूर्व हुई बातचीत के आधार पर घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा सकें. पुलिस को उम्मीद है कि मोबाइल से कुछ अहम जानकारी सामने आ सकती है.

मृतका का शव जेएएच पोस्टमार्टम हॉउस में रखवाया गया है. पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. सीएसपी मुरार अतुल कुमार सोनी के अनुसार, सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close