Twisha Sharma Case Bhopal MP: एमपी की राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में नवविवाहिता ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत और दहेज प्रताड़ना के मामले में आरोपी बनाई गई रिटायर्ड जिला प्रधान न्यायाधीश गिरिबाला सिंह को बड़ी राहत मिली है. जिला न्यायालय ने शुक्रवार को उनकी अग्रिम जमानत अर्जी स्वीकार कर ली. वर्तमान में गिरिबाला सिंह जिला उपभोक्ता फोरम बेंच-2 की अध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं.
50 हजार के निजी मुचलके पर मिली जमानत
दशम अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश पल्लवी द्विवेदी की अदालत ने शुक्रवार को यह आदेश पारित किया. न्यायालय ने आरोपित गिरिबाला सिंह को निर्देश दिए हैं कि गिरफ्तारी की स्थिति में 50 हजार रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि की सक्षम प्रतिभूति प्रस्तुत करने पर उन्हें रिहा किया जाए. गौरतलब है कि इससे पहले कोर्ट ने इस मामले में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था.
व्हाट्सएप चैट से खुले प्रताड़ना के राज
पुलिस की जांच में इस मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण साक्ष्य सामने आए हैं. मर्ग जांच के दौरान मृतका ट्विशा शर्मा के परिजनों ने आरोप लगाया था कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. पुलिस ने जांच के दौरान ट्विशा और उसके परिजनों के बीच हुई व्हाट्सएप चैट एवं अन्य दस्तावेजी साक्ष्य भी जब्त किए हैं, जो कथित तौर पर प्रताड़ना की पुष्टि करते हैं.
इन धाराओं में दर्ज है मामला
कटारा हिल्स थाना पुलिस ने मृतका के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2), 85, 3(5) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत प्रकरण दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना अभी जारी है और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है.
क्या था मामला?
मूल रूप से नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा का विवाह करीब पांच महीने पहले भोपाल के क्रिमिनल लॉयर समर्थ सिंह के साथ हुआ था. मंगलवार को ट्विशा का शव उनके ससुराल में फांसी के फंदे पर लटका मिला था. परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए आरोप लगाया था कि रसूखदार परिवार होने के कारण उन पर दबाव बनाया जा रहा है. शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका के शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए थे.
शादी डॉट कॉम के जरिए हुई थी मुलाकात
उल्लेखनीय है कि ट्विशा शर्मा मूल रूप से नोएडा की निवासी थीं. मैट्रिमोनियल साइट 'शादी डॉट कॉम' के माध्यम से उनकी जान-पहचान भोपाल के क्रिमिनल लॉयर समर्थ सिंह से हुई थी. इसके बाद 12 दिसंबर 2025 को दोनों का विवाह संपन्न हुआ. शादी से पहले ट्विशा दिल्ली में कार्यरत थीं. पुलिस जांच में यह भी तथ्य सामने आया है कि करीब दो माह पूर्व उनका गर्भपात (मिसकैरेज) भी हुआ था. फिलहाल, भोपाल पुलिस मामले की हर पहलू से गहन तफ्तीश कर रही है.
भोपाल में ट्विशा शर्मा के साथ आखिरी रात को क्या हुआ? मैट्रिमोनियल साइट से रिटायर्ड जज के वकील बेटे से की शादी