Tvisha Sharma Bhopal Death: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. मृतका का शव पिछले पांच दिनों से भोपाल एम्स (AIIMS) की मर्चुरी में रखा हुआ है, जो अब डीकंपोज (गलने) लगा है. इस बीच, ट्विशा शर्मा के परिजनों ने रविवार को सीएम हाउस के बाहर प्रदर्शन किया, जिसके बाद उनके पिता नवनिधि शर्मा और भाई ने मुख्यमंत्री के ओएसडी (OSD) से मुलाकात की. दूसरी ओर, पुलिस शव को सौंपने के लिए परिजनों को नोटिस देने की तैयारी कर रही है.
कानूनी सुनवाई किसी अन्य राज्य में की जाए
सीएम हाउस में मुख्यमंत्री के ओएसडी से मुलाकात के दौरान ट्विशा के पिता और भाई को इस मामले में उचित और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन मिला है. OSD से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में ट्विशा शर्मा के पिता नवनिधि शर्मा ने कहा, "हमारी मुख्य रूप से दो मांगें हैं. पहली मांग यह है कि बेटी का दोबारा पोस्टमार्टम दिल्ली एम्स में कराया जाए, और दूसरी यह कि इस पूरे मामले की कानूनी सुनवाई मध्य प्रदेश के बजाय किसी अन्य राज्य में की जाए." उन्होंने बताया कि इस विषय पर अभी परिवार में चर्चा होगी और उसके बाद ही आगे का कोई फैसला लिया जाएगा.

भोपाल में ट्विशा शर्मा के साथ आखिरी रात को क्या हुआ? मैट्रिमोनियल साइट से रिटायर्ड जज के वकील बेटे से की शादी
गौरतलब है कि 12 मई 2026 को ट्विशा शर्मा का शव भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में स्थित उनके ससुराल में फांसी के फंदे पर लटका मिला था. मृतका के पिता और भाई शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग पर अड़े हैं. वहीं, भोपाल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोबारा पोस्टमार्टम कराने के संबंध में जब तक न्यायालय का कोई आदेश नहीं आ जाता, तब तक शव को भोपाल एम्स की मर्चुरी में ही सुरक्षित रखा जाएगा.
ट्विशा शर्मा के मायके पक्ष द्वारा मध्य प्रदेश में सुनवाई न चाहने के पीछे यह तर्क दिया जा रहा है कि ट्विशा की सास एक रिटायर्ड जज हैं और उनके पति समर्थ सिंह एक वकील हैं. परिजनों का आरोप है कि दोनों (सास और पति) के रसूख के कारण जांच प्रभावित हो सकती है. परिजनों ने इन दोनों पर ट्विशा शर्मा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है.

Tvisha Sharma Bhopal Death: उनका रिश्ता भोपाल की रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के बेटे वकील समर्थ सिंह से तय हुआ था
क्या है ट्विशा शर्मा भोपाल मौत का पूरा मामला?
31 वर्षीय ट्विशा शर्मा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं और उन्होंने एक मॉडल के रूप में भी काम किया था. शादी से पहले वह दिल्ली में जॉब करती थीं. वैवाहिक वेबसाइट 'शादी डॉट कॉम' के जरिए उनका रिश्ता भोपाल की रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के बेटे वकील समर्थ सिंह से तय हुआ था. दोनों ने दिसंबर 2025 में शादी की थी. शादी के कुछ समय बाद ट्विशा का गर्भपात हो गया और इसके बाद 12 मई 2026 को उन्होंने कथित तौर पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी.
शरीर पर चोटों के निशान, मौत का कारण फांसी
मृतका के परिजनों ने उनकी सास (रिटायर्ड जज) और पति (वकील) पर गंभीर रूप से प्रताड़ित करने और हत्या करने के आरोप लगाए हैं. शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतका के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं और मौत का कारण फांसी बताया गया है. इस संवेदनशील मामले की जांच के लिए एसआईटी (SIT) का गठन किया गया है. वहीं, आरोपियों ने कोर्ट से अग्रिम जमानत ले रखी है. वर्तमान में कटारा हिल्स थाना प्रभारी (TI) दुबे इस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें- भोपाल में ट्विशा शर्मा के साथ आखिरी रात को क्या हुआ? मैट्रिमोनियल साइट से रिटायर्ड जज के वकील बेटे से की शादी