विज्ञापन
This Article is From Jul 09, 2025

नरबलि या रंजिश? टीकमगढ़ पुलिस ने अंधे कत्ल का किया खुलासा

Crime News: टीकमगढ़ जिले में एक सिर कटी लाश मिलने के बाद पुलिस ने खुलासा किया कि यह हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई थी. आरोपी संतोष अहिरवार ने अखिलेश कुशवाहा की हत्या की थी और हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए गए हैं.

नरबलि या रंजिश? टीकमगढ़ पुलिस ने अंधे कत्ल का किया खुलासा

MP CRIME: टीकमगढ़ जिले के विजयपुर गांव में गोंड बाबा के चबूतरे पर सिर कटी लाश मिलने के बाद जिस घटना को नरबलि माना जा रहा था, उसका पुलिस ने आज खुलासा कर दिया है. टीकमगढ़ पुलिस अधीक्षक मनोहर मंडलोई ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह हत्या पुरानी रंजिश के चलते की गई थी. हत्या आरोपी संतोष अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसने कबूल किया है कि उसने कुल्हाड़ी से अखिलेश कुशवाहा की गर्दन काटकर चबूतरे पर रखी थी.

घटना 6 जुलाई 2025 की रात की है. टीकमगढ़ के चंदेरा थाना क्षेत्र के विजयपुर गांव में गोंड बाबा के चबूतरे के पास अखिलेश कुशवाहा (उम्र 32) का सिर कटा शव मिला था. चबूतरे पर उसका सिर रखा था, जबकि धड़ नीचे पड़ा था. वहीं पास में नींबू, चिलम और पूजा सामग्री भी पड़ी थी. दृश्य भयावह था और ग्रामीणों ने इसे नरबलि की आशंका के रूप में देखा. इस सनसनीखेज घटना से इलाके में दहशत फैल गई थी. मृतक के पिता को जब इस वारदात की जानकारी मिली, तो उन्होंने सदमे में दम तोड़ दिया.

जिले की चार थानों की टीम गठित कर जांच शुरू की गई. इसमें चंदेरा, बम्होरीकला, जतारा और एक अन्य थाने की पुलिस शामिल थी. पुलिस ने शक के आधार पर संतोष अहिरवार से पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात कबूल कर ली. आरोपी ने बताया कि वह अखिलेश से पुरानी रंजिश रखता था. पंचायत चुनाव में विवाद और उसकी गाय को मारे जाने की घटना को लेकर वह नाराज़ था.

संतोष अहिरवार ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन वह और अखिलेश गोंड बाबा के चबूतरे पर बैठे और गांजा पीने लगे. इसी दौरान कहासुनी हुई और संतोष ने कुल्हाड़ी से अखिलेश की गर्दन काट दी. फिर सिर को चबूतरे पर और धड़ को नीचे फेंक दिया. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं.

प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी संतोष कुछ कहना चाहता था, लेकिन पुलिस ने मीडिया के सामने उसे बोलने नहीं दिया. फिलहाल आरोपी जेल में है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com