विज्ञापन
This Article is From Apr 02, 2026

सनसनीखेज खुलासा: बहू की हत्या का आरोपी निकला ससुर, मामूली बात पर कर द‍िया मर्डर

Madhya Pradesh News: धार जिले के धामनोद थाना क्षेत्र में हुए ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. 18 मार्च को संदिग्ध हालात में मिली महिला की मौत के पीछे उसके ससुर का हाथ निकला.

सनसनीखेज खुलासा: बहू की हत्या का आरोपी निकला ससुर, मामूली बात पर कर द‍िया मर्डर

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के धार जिले के धामनोद पुलिस थाना क्षेत्र में एक ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. सुन्द्रेल फाटा क्षेत्र में 18 मार्च 2026 को एक 35 वर्षीय महिला मंजु, पत्नी नरेंद्र, अपने ही घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई थी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद मामला संदिग्ध मानते हुए अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया था.

जांच में सामने आया चौंकाने वाला सच

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम गठित की गई. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स, घटनास्थल के निरीक्षण और मुखबिर तंत्र की मदद से जांच को आगे बढ़ाया. धीरे-धीरे जांच का शक मृतका के ही परिवार के एक सदस्य पर गहराने लगा.

ससुर निकला हत्यारा

जांच के दौरान पुलिस ने 70 वर्षीय ससुर राजाराम को हिरासत में लिया. पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन उसका अपनी बहू मंजु से घरेलू बातों को लेकर विवाद हुआ था.

मामूली विवाद बना हत्या की वजह

आरोपी के अनुसार, खाना समय पर नहीं मिलने की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी. विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर उसने गमछे से बहू का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद आरोपी ने मामले को छिपाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की जांच के आगे उसकी चालाकी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी.

इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. जिस घर को सबसे सुरक्षित माना जाता है, वहीं इस तरह की वारदात ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. इस घटना ने पारिवारिक रिश्तों और सामाजिक मूल्यों पर भी कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

धामनोद पुलिस ने आरोपी राजाराम को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है. पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है, ताकि घटना के हर पहलू को स्पष्ट किया जा सके.

 

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com