विज्ञापन

गर्मी से बेहाल जंगल में जल स्त्रोत के पास आराम फरमाती दिखी बाघिन N-112, शावकों संग मनमोहक तस्वीर आई सामने

वन अधिकारियों के मुताबिक गर्मी के समय जंगलों में पानी की उपलब्ध कराए रखना बड़ी चुनौती है. इसी को देखते हुए टाइगर रिजर्व में कई जगह कृत्रिम जल स्त्रोत बनाए गए हैं.

गर्मी से बेहाल जंगल में जल स्त्रोत के पास आराम फरमाती दिखी बाघिन N-112, शावकों संग मनमोहक तस्वीर आई सामने

भीषण गर्मी का असर अब जंगलों में रहने वाले वन्यजीवों पर भी साफ दिखाई देने लगा है. जिले में तापमान लगातार 45 डिग्री के पार पहुंच रहा है, जिससे इंसानों के साथ-साथ वन्यजीव भी गर्मी से बेहाल नजर आ रहे हैं. इसी बीच रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व (Rani Durgavati Tiger Reserve) से सामने आई एक मनमोहक तस्वीर ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. तस्वीर में बाघिन N-112 अपने शावकों के साथ जल स्त्रोत के पास आराम फरमाती नजर आ रही है.

जानकारी के मुताबिक, रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व में इन दिनों भीषण गर्मी के चलते वन्यजीव पानी की तलाश में जल स्त्रोतों के आसपास अधिक दिखाई दे रहे हैं. टाइगर रिजर्व (Tiger Reserve) के डीएफओ रजनीश कुमार सिंह ने बताया कि वन विभाग (Forest Department) का स्टाफ नियमित गश्त पर निकला हुआ था. इसी दौरान रिजर्व क्षेत्र में बनाए गए एक जल स्त्रोत के पास बाघिन N-112 अपने शावकों के साथ आराम करती दिखाई दी. इस खूबसूरत पल को स्टाफ ने अपने कैमरे में कैद कर लिया.

बेहद आकर्षक था नजारा

तस्वीर में साफ देखा जा सकता है कि बाघिन और उसके शावक तेज गर्मी से राहत पाने के लिए जल स्त्रोत के किनारे आराम कर रहे हैं. जंगल के बीच यह दृश्य बेहद आकर्षक और प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर नजर आया. जैसे ही यह तस्वीर सामने आई, लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई और सोशल मीडिया पर भी इसे काफी पसंद किया जा रहा है.

टाइगर रिजर्व में बनाए कृत्रिम जल स्त्रोत

वन अधिकारियों का कहना है कि गर्मी के मौसम में जंगलों में पानी की उपलब्धता बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती होती है. इसी को ध्यान में रखते हुए टाइगर रिजर्व क्षेत्र में कई स्थानों पर कृत्रिम जल स्त्रोत बनाए गए हैं, ताकि वन्यजीवों को पानी के लिए ज्यादा भटकना न पड़े. इन जल स्त्रोतों का लाभ वन्यजीवों को मिल भी रहा है और अक्सर यहां बाघ, तेंदुआ, हिरण सहित कई वन्यजीव दिखाई देते हैं.

गर्मी के कारण पर्यटकों की आई कमी

गर्मी के कारण इन दिनों टाइगर रिजर्व में पर्यटकों की संख्या में कमी जरूर आई है, लेकिन बाघिन N-112 और उसके शावकों की यह तस्वीर एक बार फिर लोगों को जंगल और वन्यजीवों की ओर आकर्षित कर रही है. वन्यजीव प्रेमियों के लिए यह तस्वीर किसी सौगात से कम नहीं मानी जा रही.

विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की तस्वीरें वन संरक्षण और वन्यजीवों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने का काम करती हैं. साथ ही यह भी दर्शाती हैं कि यदि जंगलों में पर्याप्त जल और संरक्षण की व्यवस्था हो तो वन्यजीव सुरक्षित वातावरण में बेहतर जीवन व्यतीत कर सकते हैं. रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व से सामने आई यह तस्वीर न सिर्फ प्राकृतिक सौंदर्य को दर्शाती है, बल्कि यह भी बताती है कि भीषण गर्मी के बीच जंगल का जीवन कितना चुनौतीपूर्ण हो जाता है.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close