विज्ञापन

ताप्ती नदी में सैकड़ों मछलियों की मौत, मचा हड़कंप; कांग्रेस ने स्वच्छ भारत मिशन पर उठाए सवाल

बुरहानपुर की जीवनदायिनी ताप्ती नदी में सैकड़ों मछलियों की मौत से हड़कंप मच गया है. राजघाट क्षेत्र में मरे हुए मछलियां मिलने के बाद प्रदूषण को लेकर सवाल उठे हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि शहर का गंदा पानी सीधे नदी में जा रहा है.

ताप्ती नदी में सैकड़ों मछलियों की मौत, मचा हड़कंप; कांग्रेस ने स्वच्छ भारत मिशन पर उठाए सवाल

Tapti River Fish Death: बुरहानपुर से होकर गुजरने वाली जीवनदायिनी ताप्ती नदी में सैकड़ों मछलियों की अचानक मौत से शहर में हड़कंप मच गया है. राजघाट क्षेत्र में दो दिन पहले मरे हुए मछली देख लोगों में चिंता फैल गई. रोज़ाना पूजा‑अर्चना के लिए नदी पर आने वालों ने जब यह दृश्य देखा तो वे हैरान रह गए. स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर का गंदा और प्रदूषित पानी सीधे नदी में मिलने के कारण यह स्थिति बनी है. घटना सामने आते ही नगर निगम हरकत में आया और पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए. इस बीच मामला सियासी रंग भी लेने लगा है.

राजघाट पर दिखा भयावह नजारा

राजघाट पर सैकड़ों मछलियों को मृत अवस्था में देखा गया. वहां पूजा करने आने वाले लोगों के मुताबिक, उन्होंने ऐसा नजारा पहली बार देखा है. लोगों का कहना है कि नदी में लगातार गंदा पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे जलजीवों का रहना मुश्किल हो गया है. इस घटना ने ताप्ती की सेहत पर सवाल खड़े कर दिए हैं. राजेंद्र मिश्रा ने बताया कि हम रोज ताप्ती नदी में पूजा करने आते हैं. आज जब इतनी बड़ी संख्या में मछलियां मरी हुई दिखीं तो स्तब्ध रह गए. लगता है यह सब गंदे पानी की वजह से हुआ है. 

प्रदूषण का असर, लोगों में नाराजगी

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नदी की नियमित सफाई नहीं हो रही है. शहर से निकलने वाला दूषित पानी नालों के जरिए सीधे ताप्ती में मिल रहा है. इससे न सिर्फ मछलियां बल्कि पूरा जलतंत्र प्रभावित हो रहा है. रहवासी नितिन महाजन ने बताया कि मछलियों की मौत साफ दिखाती है कि जिम्मेदार विभाग ध्यान नहीं दे रहे. अभियान चलने के वक्त नदी साफ होती है, फिर सब भूल जाते हैं. 

नगर निगम ने भेजे पानी के सैंपल

घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम ने आनन‑फानन में ताप्ती नदी के पानी के सैंपल लेकर लैब में जांच के लिए भेजे हैं. हालांकि, जिला और नगर निगम प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में मीडिया के सामने कुछ भी कहने से बचते नजर आए.

युवक कांग्रेस ने नगर निगम पर लगाए आरोप

इस मामले को लेकर राजनीति भी तेज हो गई है. युवक कांग्रेस ने भाजपा की नगर सरकार पर सीधा हमला बोला है. उनका आरोप है कि स्वच्छ भारत मिशन सिर्फ कागजों तक सीमित रह गया है और शहर का गंदा पानी बिना रोक‑टोक नदी में छोड़ा जा रहा है. अध्यक्ष जिला युवक कांग्रेस अर्जुन जंगाले ने कहा कि ताप्ती बुरहानपुर की जीवनदायिनी है, लेकिन यहां घाटों पर गंदगी का अंबार है. मछलियों की मौत ने प्रशासन की लापरवाही उजागर कर दी है.

टीडीएस रिपोर्ट पर भी उठे सवाल

पूर्व प्रदेश महासचिव युवक कांग्रेस देवेश्वर सिंह ने दावा किया कि ताप्ती नदी के पानी की टीडीएस जांच में स्तर 450 से ज्यादा पाया गया है, जो खतरनाक है. उन्होंने कहा कि युवक कांग्रेस ने भी सैंपल लिए हैं और रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी. पूर्व प्रदेश महासचिव युवक कांग्रेस देवेश्वर सिंह ने कहा कि स्वच्छता के नाम पर करोड़ों खर्च किए गए, लेकिन नतीजा शून्य है. अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा.

प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती

मछलियों की मौत ने न सिर्फ पर्यावरण बल्कि प्रशासन की जिम्मेदारियों पर भी सवाल खड़े किए हैं. ताप्ती नदी को प्रदूषण से बचाना अब बड़ी चुनौती बन गया है. लोग उम्मीद कर रहे हैं कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ठोस कदम उठाए जाएंगे, ताकि ताप्ती नदी को फिर से स्वच्छ और जीवंत बनाया जा सके.

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close