शिवपुरी में तेज आंधी-तूफान का कहर: छत से गिरी महिला-बच्ची, पोलो ग्राउंड की बाउंड्री गिरने से 3 लोग दबे; 10 से अधिक लोग घायल

Strong storm in Shivpuri: अचानक आए तेज आंधी-तूफान ने शिवपुरी जिले में बड़ी तबाही मचा दी है. इसके चपेट में आने से दर्जनों लोग अलग-अलग घटनाओं में घायल हो गए. जानकारी के मुताबिक, तेज झोंके में आने से महिला और बच्ची छत से नीचे गिर गई. तो वहीं आंधी की वजह से पोलो ग्राउंड की बाउंड्री गिर गई, जिसके चपेट में तीन लोग आ गए. उन्हें जख्मी रूप में अस्पताल में भर्ती कराया गया. इसके अलावा शिवपुरी अनाज मंडी और इंडस्ट्रियल एरिया में भी बड़ा नुकसान हुआ है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Madhya Pradesh Hindi News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में अचानक आई तेज आंधी ने देखते ही देखते ऐसा कहर बरपाया कि शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक तबाही के मंजर दिखाई दिए... आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि छत पर मौजूद एक बालिका और एक महिला हवा के झोंके में पहली मंजिल से नीचे गिर गई, जिन्हें घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया. करीब एक घंटे चली इस आंधी के बाद बारिश ने हालात और बिगाड़ दिए.

पोलो ग्राउंड के मलबे में दब गए तीन लोग

वहीं जिलेभर में पेड़, दीवारें, हाईमास्ट पोल और होर्डिंग गिरने के साथ आग लगने की घटनाएं भी सामने आईं तो दूसरी तरफ शहर के पोलो ग्राउंड की दीवार भरभराकर गिर गई. इस दौरान तीन लोग दब गए, इनमें खुडा बस्ती के रहने वाले बृजेंद्र उर्फ गोलू, रन्नौद से आए गिरजेश चंद्र आचार्य और एक अन्य युवक घायल हुए हैं. सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया .

Advertisement

इधर, बस स्टैंड पर भी हादसा हो गया, जहां राजस्थान के देवरी से घूमने आए बादल आदिवासी के सिर में गंभीर चोट लग गई. दरअसल, हवा के झोंके में उड़कर आई किसी वस्तु के लगने से चोट आई है और वह बुरी तरह जख्मी हो गए, जिन्हें अस्पताल में दाखिल कराया गया है.

तेज हवा की झोंके में छत से गिरी महिला और बच्ची

सबसे चौंकाने वाली घटना शहर के फतेहपुर क्षेत्र में सामने आई जहां 16 वर्षीय अनुरती तेज हवा के झोंके में छत से नीचे गिर गई. वहीं गौशाला क्षेत्र में रामदेवी लोधी भी आंधी की चपेट में आकर छत से गिरकर घायल हो गईं. दोनों का अस्पताल में इलाज जारी है. कुल मिलाकर इस आंधी और तूफान ने जिले भर में आफत मचा दी है. एक अनुमान के मुताबिक, लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है.

आंधी और तूफान की चपेट में आकर कई पेड़ गाड़ियां टीन शेड कच्चे मकान टेंट हाउस और कई और तरह के नुकसान सामने आए हैं.

जिला प्रशासन ने संभाला मोर्चा

जिला कलेक्टर अर्पित वर्मा ने मौके की नजाकत को देखते हुए तमाम राहत और बचाव दल जमीनी स्तर पर उतार दिए हैं और बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य किया जा रहा है. खास तौर से शिवपुरी जिले की नरवर तहसील के दो गांव आग की चपेट में आए, जहां बड़ा नुकसान हुआ है. वहां प्रशासनिक मदद मुहैया कराई जा रही है. इसके अलावा जिन लोगों को नुकसान हुआ है. उन लोगों को भी मदद पहुंचाई जा रही है. फिलहाल आंधी और तूफान की वजह से हुए नुकसान का जायजा लिया जा रहा है.

Advertisement

ये भी पढ़ें: IPS Transfer MP: मध्य प्रदेश के 19 जिलों के एसपी बदले, नई पीढ़ी को मिली कमान, 62 आईपीएस अधिकारियों के तबादले

Topics mentioned in this article