VIDEO: आवारा सांड का आतंक, लड़ाई करते हुए दुकान में घुसे, काउंटर को कर दिया तबाह 

गुना के ख्यावदा चौराहे पर आवारा सांडों की लड़ाई ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया. दो सांड दुकान में घुसकर तोड़फोड़ करने लगे, जिससे दुकानदार घायल हो गया. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है और वीडियो सामने आने के बाद व्यापारियों में गुस्सा है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

गुना शहर में आवारा सांडों का आतंक अब लोगों के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है. ख्यावदा चौराहे पर दो सांडों की लड़ाई इतना बेकाबू हो गई कि वे सीधे एक दुकान के अंदर घुस गए और वहां जमकर तोड़फोड़ मचा दी. इस घटना में दुकानदार भी उनकी चपेट में आ गया और घायल हो गया. पूरी घटना कैमरे में कैद हुई है, जिससे इलाके में डर और गुस्से का माहौल है.

बीच सड़क शुरू हुई सांडों की लड़ाई

ख्यावदा चौराहा इलाके में दो आवारा सांड अचानक आपस में भिड़ गए. सड़क पर शुरू हुई उनकी यह लड़ाई देखते ही देखते हिंसक हो गई. आसपास खड़े लोग डरकर दूर हटने लगे, लेकिन सांड पूरी तरह बेकाबू हो चुके थे.

Advertisement

दुकान में घुसकर मचाई तबाही

लड़ते-लड़ते दोनों सांड सड़क किनारे बनी ‘पलिया पेटीज' नाम की दुकान में जा घुसे. जैसे ही वे अंदर पहुंचे, दुकान में अफरा-तफरी मच गई. सांडों ने अंदर रखे सामान को गिरा दिया और तोड़फोड़ शुरू कर दी. खास तौर पर दुकान का बड़ा कांच का डिस्प्ले काउंटर पूरी तरह चकनाचूर हो गया.

दुकानदार हुआ घायल

अचानक हुई इस घटना से घबराकर दुकानदार खुद को बचाने के लिए बाहर भागा. लेकिन इसी दौरान एक सांड ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह जमीन पर गिर गया. गिरने से उसे कई जगह चोटें आईं और वह कुछ देर तक संभल नहीं पाया. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए लाठियों की मदद से दोनों सांडों को किसी तरह दुकान से बाहर भगाया. काफी मशक्कत के बाद हालात काबू में आए, लेकिन तब तक दुकान को भारी नुकसान हो चुका था.

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है. वीडियो सामने आने के बाद इलाके के लोगों में डर और नाराजगी साफ देखी जा रही है. इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में प्रशासन के प्रति नाराजगी है. उनका कहना है कि आवारा मवेशियों की समस्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही. व्यापारियों ने जल्द से जल्द इन जानवरों को हटाने और सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है.

Advertisement