विज्ञापन
This Article is From Feb 08, 2026

VIDEO: डोजर मशीन में लगी भीषण आग, ड्राइवर गंभीर रूप से झुलसा, अस्पताल में भर्ती

सिंगरौली जिले की एनसीएल खड़िया परियोजना में कोल खदान के दौरान डोजर मशीन में भीषण आग लग गई. हादसे में ड्राइवर गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

VIDEO: डोजर मशीन में लगी भीषण आग, ड्राइवर गंभीर रूप से झुलसा, अस्पताल में भर्ती

Coal Mine Fire Video: मध्य प्रदेश की ऊर्जाधानी से एक बड़ी और चिंताजनक घटना सामने आई है. सिंगरौली जिले की एनसीएल खड़िया परियोजना में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कोल खदान में काम कर रही एक डोजर मशीन में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी भयानक थी कि कुछ ही देर में पूरी मशीन जलकर खाक हो गई. इस हादसे में मशीन चला रहा ड्राइवर गंभीर रूप से झुलस गया, हालांकि समय रहते उसने कूदकर अपनी जान बचा ली.

कोल खदान में अचानक भड़की आग

जानकारी के मुताबिक, एनसीएल की खड़िया परियोजना में कोयला खनन का काम चल रहा था. इसी दौरान डोजर मशीन में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और मशीन पूरी तरह आग की चपेट में आ गई. आसपास काम कर रहे कर्मचारियों में हड़कंप मच गया.

ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

हादसे के समय डोजर मशीन में ड्राइवर मौजूद था. आग लगते ही उसने सूझबूझ दिखाते हुए मशीन से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था. मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया. घायल ड्राइवर को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और वह निगरानी में है. आग की वजह से उसे शरीर के कई हिस्सों में गंभीर जलन आई है.

50 लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान

प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस हादसे में एनसीएल को करीब 50 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है. डोजर मशीन पूरी तरह से जलकर नष्ट हो चुकी है, जिससे खदान का काम भी प्रभावित हुआ है. इस घटना के बाद एक बार फिर खदान क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय कर्मचारियों का कहना है कि भारी मशीनों में काम के दौरान सुरक्षा मानकों की लगातार समीक्षा जरूरी है, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके.

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

एनसीएल के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं. जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल जली हुई डोजर मशीन को स्थानीय वर्कशॉप में मरम्मत के लिए भेज दिया गया है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

MPCG.NDTV.in पर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार,लाइफ़स्टाइल टिप्स हों,या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें,सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close