MP News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करेरा पुलिस थाना इलाके में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां चरित्र पर शक के चलते पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी. मामला करैरा थाना क्षेत्र के टीला रोड का है.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, 23 वर्षीय नंदनी साहू की शादी करीब 5 साल पहले संदीप साहू से हुई थी. दोनों का 4 साल का एक बेटा भी है. शनिवार 18 अप्रैल की रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. झगड़ा इतना बढ़ गया कि नंदनी घर छोड़कर जाने लगी.
बताया जा रहा है कि इस दौरान संदीप ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन बात हाथापाई तक पहुंच गई. गुस्से में नंदनी ने पति को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद आरोपी बेकाबू हो गया.
shivpuri husband kills wife over suspicion karera murder case mp Photo Credit-Atul Gaur
बेडरूम में गला घोंटकर की हत्या
आरोप है कि संदीप साहू ने पहले पत्नी के साथ जमकर मारपीट की और फिर बेडरूम में बिस्तर पर दबोचकर उसका गला घोंट दिया. घटना के दौरान महिला के मुंह से खून निकल रहा था, लेकिन आरोपी ने उसे नहीं छोड़ा और उसकी हत्या कर दी.
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतका के शरीर पर कई जगह चोट, कट और नाखूनों के निशान थे. गले और पीठ पर गहरे जख्म मिले हैं, जिससे साफ है कि दोनों के बीच जबरदस्त संघर्ष हुआ था. वहीं आरोपी के हाथों पर काटने के निशान भी पाए गए हैं.
हत्या के बाद साले को किया फोन
हत्या के बाद आरोपी संदीप ने खुद नंदनी के भाई को फोन कर कहा-“मैंने तेरी बहन को मार दिया.” सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव को कमरे में पलंग पर पड़ा पाया. परिजनों के सामने ही आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया.
देवर-देवरानी की भूमिका भी संदिग्ध
पुलिस के अनुसार, घटना के समय घर में देवर मोनू साहू और देवरानी रूचि साहू भी मौजूद थे. उनकी भूमिका संदिग्ध पाई गई है, जिसके चलते उन्हें भी आरोपी बनाया गया है.
आयुष जाखड़ (SDOP) के मुताबिक, तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. महिला के शव का पोस्टमॉर्टम मेडिकल पैनल से कराया गया है. सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.