राजगढ़ की सराफा दुकानों में डाका, बदमाशों ने गुलेल से आंखें फोड़ी; सदमे में एक व्यापारी के पिता की भी मौत

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में ज्वेलर्स की दुकानों में बड़ी डकैती की घटना सामने आई है. हथियारबंद बदमाशों ने रात में सोना-चांदी और नकदी लूट ली. इस दौरान बुजुर्ग को चोट आई और सदमे में एक व्यक्ति की मौत हो गई.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में ज्वेलर्स की दुकानों में बड़ी डकैती की घटना सामने आई है. शहर की सराफा बाजार (किला) में रात लगभग 3 बजे हथियारों से लैस डकैतों ने कई व्यापारीयों के यहां डाका डाला. करीब 10 से ज्यादा हथियारबंद बदमाश सोना–चांदी की दो दुकानों से लाखों की चांदी और नकदी ले उड़े. इलाके में एक साथ बदमाशों की मौजूदगी ने पीड़ितों के साथ पड़ोसियों को जगा दिया तो उनके चिल्लाने की आवाज से बदमाश भाग गए.

राजेंद्र की दुकान से सोना-चांदी और लाखों कैश गायब

हथियारबंद बदमाश गुलेल, सब्बल और पिस्तौल लेकर आए थे और उन्होंने सर्राफा कारोबारियों की दुकानों के ताले तोड़े. जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने सबसे पहले सर्राफा कारोबारी राजेंद्र विजय वर्गी की दुकान को निशाना बनाया. यहां ताला तोड़कर डकैत करीब एक किलो चांदी, तीन तोला सोना और लगभग तीन लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए. वारदात के दौरान सबूत मिटाने के इरादे से बदमाशों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए.

Advertisement

सचिन जोशी की दुकान को बनाया निशाना

इसके बाद बदमाशों ने सचिन सोनी की बागेश्वर ज्वेलर्स की दुकान का ताला तोड़ा और वहां से अलमारी में रखे 32 हजार रुपये नकद, करीब 200 ग्राम चांदी सहित अन्य सामान चुरा लिया. बताया जा रहा है कि जिस समय बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया, उस वक्त 75 वर्षीय बुजुर्ग गोपाल चंद्र सोनी दुकान के अंदर ही सो रहे थे.

आहट लगने पर उनकी नींद खुली और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया. इसी दौरान बदमाशों ने लोहे का सब्बल अंदर की ओर घुसा दिया, जो बुजुर्ग के पैर में जा घुसा, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई. वारदात के दौरान बदमाशों ने गुलेल से पत्थर बरसाए और फायरिंग भी की. घटना दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है.

बदमाशों ने की फायरिंग

डकैती के बाद जब शोर सुनकर आसपास के लोग जागे तो उन्होंने बदमाशों का पीछा किया. इस दौरान बदमाश बांसवाड़ा क्षेत्र की ओर भाग निकले. इस दौरान बदमाशों ने फायरिंग करते हुए गुलेल से पत्थर फेंके. इस हमले में कमल मेवाड़े की आंख में चोट आई, जबकि अमित नामक युवक की पीठ में चोट लगी.

सचिन के पिता की सदमे में मौत

डकैती की खबर सुनकर बागेश्वर ज्वेलर्स के मालिक सचिन सोनी के पिता सुंदरलाल सोनी गहरे सदमे में आ गए. उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें राजगढ़ जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद सराफा बाजार के व्यापारियों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

Advertisement

घटनास्थल पर पहुंचे एसपी

सूचना पाकर राजगढ़ एसपी अमित कुमार तोलानी मौके पर पहुंचे. उनके साथ फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट, डॉग स्क्वॉड और पुलिस की अन्य टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया. एसपी ने स्थानीय लोगों और व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.