सिहोरा सांप्रदायिक हिंसा: अब तक 60 से ज्यादा लोगों की गिरफ्तारी, पांच पर FIR दर्ज

मध्य प्रदेश के जबलपुर के सिहोरा में सांप्रदायिक उपद्रव के बाद पुलिस कार्रवाई तेज है. दुर्गा मंदिर पर पथराव और तोड़फोड़ के मामलों में अब तक 60 से ज्यादा लोगों की गिरफ्तारी और पांच एफआईआर दर्ज हुई हैं. वार्ड नंबर 5, आजाद चौक में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Sehora Communal Violence: जबलपुर के सिहोरा में हुए सांप्रदायिक उपद्रव के बाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. दुर्गा मंदिर पर पथराव और तोड़फोड़ के बाद फैले तनाव को काबू में लाने के लिए अब तक 60 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. कई टीमें लगातार इलाके की निगरानी कर रही हैं और हालात को सामान्य करने की कोशिश की जा रही है.

गिरफ्तारी का आंकड़ा 60 के पार

सिहोरा में बीते दिन हुए उपद्रव के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज है. मुस्लिम पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने 12 लोगों को और हिरासत में लिया है. इससे पहले 49 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. पुलिस का कहना है कि बाकी उपद्रवियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज से की जा रही है.

पांच एफआईआर दर्ज, जांच जारी

दुर्गा मंदिर पर पथराव, तोड़फोड़ और हिंसा से जुड़े मामलों में पुलिस अब तक पांच अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर चुकी है. घटनास्थल के आसपास मिले वीडियो और चश्मदीदों के बयान इस पूरी जांच का अहम हिस्सा बने हुए हैं.

अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती

तनावग्रस्त माहौल को देखते हुए वार्ड नंबर 5 के आजाद चौक क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. शहर के वरिष्ठ अधिकारी लगातार इलाके का दौरा कर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं, ताकि किसी भी तरह की अफवाह या नई घटना को रोका जा सके.

Advertisement

तनाव के बीच धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हालात

दुर्गा मंदिर पर हुई पत्थरबाजी के बाद इलाके में तनाव फैल गया था, लेकिन पुलिस और प्रशासन की सक्रियता से स्थिति अब नियंत्रण में दिखाई दे रही है. कई जगहों पर लोगों की आवाजाही सामान्य हो रही है, हालांकि प्रशासन एहतियात के तौर पर सतर्क है और लगातार पेट्रोलिंग कर रहा है.

प्रशासन की अपील- अफवाहों से बचें

अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है. पुलिस का कहना है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी और जल्द ही सभी आरोपी पकड़ लिए जाएंगे.

Advertisement