Satna Road Accident: ई-रिक्शा चालक ने सड़क पर मचाया तांडव, पांच लोगों को मारी टक्कर, अफरा-तफरी का माहौल

Satna Road Accident: लोगों ने कई किलोमीटर तक पीछा करने के बाद ई-रिक्शा को रुकवाया और चालक को पकड़ लिया. इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इसके पहले ही चालक चकमा देकर भाग निकला.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Satna Road Accident: सतना शहर के सर्किट हाउस क्षेत्र में रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक तेज रफ्तार ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क पर दौड़ता चला गया और रास्ते में करीब पांच लोगों को टक्कर मार दी. घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए.

चालक तेज गति से चल रहा था ई-रिक्शा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ई-रिक्शा असामान्य रूप से तेज गति से चल रहा था. चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण रिक्शा सड़क किनारे चल रहे पैदल यात्रियों और दोपहिया सवारों से टकरा गया. टक्कर लगने से कई लोग घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को संभाला और प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजने की व्यवस्था की.
घटना के बाद भी चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश करता रहा, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए उसका पीछा किया.

बताया जा रहा है कि लोगों ने कई किलोमीटर तक पीछा करने के बाद ई-रिक्शा को रुकवाया और चालक को पकड़ लिया. इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इसके पहले ही वह चकमा देकर भाग निकला.

जब रिक्शा छोड़कर भागा

घटना के बाद कुछ युवकों ने पीछा किया, जिसके बाद चालक अपना रिक्शा छोड़कर दौड़ने लगा. आयुष्मान हॉस्पिटल रोड से भागते हुए वह जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के पास पहुंचा, जहां पर पकड़ा गया और फिर भीड़ देखकर भाग निकला. प्रारंभिक जांच में लापरवाही और तेज रफ्तार से वाहन चलाने की बात सामने आई है. पुलिस घायलों के बयान भी दर्ज कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है. स्थानीय नागरिकों ने शहर में ई-रिक्शा संचालन पर सख्त निगरानी और नियमों के पालन की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

Advertisement

ये भी पढ़ें: केंद्रीय बजट पर भूपेश बघेल का हमला, बोले-'शेयर मार्केट धड़ाम से गिर गया... छत्तीसगढ़ के लिए कुछ नहीं', शराब महंगी और मछली सस्ती'

Topics mentioned in this article